Crime- बहन के सामने साैतेली मां को चाकू से गोदा: शराब पीने से रोकती थी, बहन की जीएनएम की पढ़ाई के खर्च पर था विवाद -#INA

तरनतारन में शराब पीने से रोकने पर एक युवक ने अपनी सौतेली मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। बुधवार रात शहर की गली वालिया वाली में लवप्रीत सिंह ने अपनी सौतेली मां गुरप्रीत कौर (48) पर चाकू से चार-पांच वार किए। वारदात के समय उसकी बहन भी सामने मौजूद थी। गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत कौर को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
सुखदेव सिंह ने वर्ष 2003 में गुरप्रीत कौर से दूसरी शादी की थी। लवप्रीत सिंह उनकी पहली पत्नी से बेटा है। गुरप्रीत कौर अपने सौतेले बेटे लवप्रीत को शराब पीने से रोकती थीं। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। वह उसे समझाती थीं कि शराब पर पैसा खर्च करने के बजाय उसकी छोटी बहन हरकमलप्रीत कौर की जीएनएम की पढ़ाई के लिए बचाए।
बुधवार रात लवप्रीत शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी बात को लेकर उसकी गुरप्रीत कौर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में उसने चाकू निकालकर सौतेली मां पर हमला कर दिया। उसने अपनी बहन के सामने ही गुरप्रीत कौर पर चार-पांच वार किए और उन्हें गंभीर रूप से घायल हालत में छोड़कर फरार हो गया।
परिजन गुरप्रीत कौर को सिविल अस्पताल तरनतारन लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर थाना सिटी तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी परमजीत सिंह विरदी ने बताया कि मृतका की बेटी के बयान पर लवप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू और हत्या के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।