Sports- कमलजीत सिंह: एथलेटिक्स का सपना टूटा, पैसे की तंगी आई, फिर भी नहीं मानी हार; अब एशियाड में सोने पर लगाया निशाना -#INA

हरियाणा के रेवाड़ी के एक गांव से निकले कमलजीत सिंह ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि जिस खेल को वह बचपन में अपना भविष्य मानते थे, एक दिन उसी खेल की चोट उन्हें दूसरी राह चुनने पर मजबूर कर देगी। कमलजीत एथलीट बनना चाहते थे। ट्रैक पर दौड़ना उनका सपना था। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत भी शुरू कर दी थी, लेकिन 2019 में लगी एक गंभीर चोट ने महज 15 साल की उम्र में उनके एथलेटिक्स करियर को खत्म कर दिया। जिस उम्र में एक खिलाड़ी अपने सपनों को आकार देता है, उसी उम्र में कमलजीत को अपना पहला सपना छोड़ना पड़ा। हालांकि, उन्होंने खेल को छोड़ने के बजाय अपनी दिशा बदलने का फैसला किया। उन्होंने पिस्टल उठाई और शूटिंग की दुनिया में कदम रखा।