खबर शहर , आगरा न्यूज: अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों लगाया लापरवाही का आरोप; शव रखकर किया हंगामा – INA

थाना फरह क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की माैत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने शव को अछनेरा स्थित अंबेडकर पार्क में रखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अछनेरा की बड़ी बस्ती की रहने वाली एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर फरह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान डॉक्टरों और स्टाफ ने घोर लापरवाही बरती, जिससे महिला की स्थिति बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे आगरा रेफर किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इलाज में लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए रविवार को मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अछनेरा के अंबेडकर पार्क में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख मौके पर अछनेरा थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मामला फरह थाना क्षेत्र का होने के कारण उन्हें उचित कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।