Crime- यमुनानगर में श्मशान घाट के पास मिला खून से लथपथ शव: चेहरे को बुरी तरह कुचला, सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान -#INA

खंड छछरौली के गांव जयधर में आज सुबह खेतों में एक व्यक्ति का शव लहुलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के मुंह और सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। उसका पूरा चेहरा खून से सना हुआ था। सूचना मिलते ही थाना छछरौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है।

सैर पर निकले ग्रामीण ने देखा शव

गांव जयधर निवासी मोहित सुबह खेतों की ओर सैर करने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव के लोगों के साथ-साथ डायल 112 पर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जेब से मिले 50 हजार रुपये

पुलिस की जांच के दौरान मृतक के पायजामा की जेब से 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक का पायजामा खुला हुआ था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। सिर और चेहरे पर चोट के निशान होने के कारण पुलिस हत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

देर रात वारदात होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत देर रात खेतों में हुई होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। आसपास के गांवों में भी सूचना भेजी गई है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और उसके परिजनों तक जानकारी पहुंचाई जा सके। 

थाना छछरौली के एसएचओ वेदपाल ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button