UP News: PM मोदी के जन्मस्थान से कर्मभूमि तक बाइक यात्रा, काशी में आज होगा समापन, जानें पूरा कार्यक्रम – INA

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके जन्मस्थान वडनगर से शुरू होकर उनकी कर्मभूमि वाराणसी पहुंची बाइक यात्रा का आज ( बुधवार, 7 अक्टूबर) काशी में समापन होगा. सेवा संकल्प बाइक यात्रा में 500 कार्यकर्ता शामिल हैं. इस अवसर पर रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर लगभग 2:30 बजे बड़ी जनसभा को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे. वह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नमो बुक फेस्ट ,काशी संस्करण का अवलोकन करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा में शामिल होंगे. बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन करेंगे.
नितिन नबीन की काशी में जनसभा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा होगी. जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और सेवा संकल्प बाइक यात्रा के प्रतिभागियों का काशी की गरिमा के अनुरूप भव्य स्वागत करने का आह्वान किया गया है.
बाइक यात्रियों का होगा भव्य स्वागत
बीजेपी काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक सेवा यात्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में सुबह नौ बजे बस से पहुंचेंगे. वहां सभागार में उनके स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम होगा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.
बाइक यात्रियों का तिलक, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया जाएगा. इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा. कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे. वहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे.
पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा में आगे गुजरात की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश, कुल 22 कलश रहेंगे. इनके साथ 51 महिलाएं चलेंगी. बीजेपी के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी और कार्यकर्ताओं के साथ बाइक सेवा यात्री भी शामिल होंगे. कुल संख्या करीब 800 रहेगी. मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम होगा.
इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली बीजेपी की जनसभा में शामिल होंगे. यात्रा के अगले चरण में 8 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे सभी बाइक यात्री अयोध्या के लिए रवाना होंगे. इसके बाद अयोध्या से दिल्ली पहुंचकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाएंगे.
PM मोदी के जन्मस्थान से कर्मभूमि तक बाइक यात्रा, काशी में आज होगा समापन, जानें पूरा कार्यक्रम
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,