खबर शहर , Agra News: सोने की करधनी पांच साल बाद भी नहीं लौटाई – INA

बाह। मरम्मत के लिए दी गई सोने की करधनी पांच साल बीतने के बाद भी वापस न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस आयुक्त के हस्तक्षेप पर बाह थाने में स्वर्णकार एवं उनके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बाह के गंज मोहल्ला निवासी शुभांश जैन ने बताया कि उनकी 103.50 ग्राम की सोने की करधनी टूट गई थी। इसे सही कराने के लिए उन्होंने 1 जून 2021 को अशोक नगर बाह के सुनार अखिलेश वर्मा को दिया था। आठ दिन बाद पूछने पर आरोपी ने आगरा से करधनी वापस न आने की बात कही। इसके बाद वर्ष 2023, 2024 और 2025 में कई तिथियों को फोन कॉल पर बात हुई, तो हर बार आरोपी कहता रहा कि करधनी कोई और ले गया है, जल्द वापस दे देगा। गहने न आने पर बाजार भाव की कीमत दे देने की बात भी कही गई, जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग पीड़ित के पास होने का दावा है।

तगादे के बावजूद न तो करधनी लौटाई गई और न ही रुपये दिए गए। इस पर पीड़ित ने सुनार के पिता रामशंकर से शिकायत की, तो उन्होंने भी यह कहकर टरका दिया कि कुछ भी करो, हमें कोई मतलब नहीं। आरोप है कि दबाव देकर पूछने पर अखिलेश वर्मा ने बताया कि करधनी जुए में हार जाने के कारण वापस नहीं कर पा रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी धोखाधड़ी में बेटे के साथ उसका पिता भी शामिल है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर बाह पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू

पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र पर बाह पुलिस ने धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।

– जितेन्द्र कुमार, एसीपी बाह


Credit By Amar Ujala

Back to top button