यूपी – पीलीभीत में हादसा: बाइक फिसलकर गिरने से महिला की मौत, हरिद्वार हाईवे पर गड्ढा बना जानलेवा – INA

पीलीभीत जिले में हरिद्वार नेशनल हाईवे पर अप्सरा नदी पुल के पास रविवार सुबह हुए हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। सड़क पर गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। सीएचसी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला बेटे के साथ दशहरे की छुट्टी पर घर लौट रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मीरापुर (पूरनपुर रोड) गांव निवासी मोहन स्वरूप की पत्नी सविता देवी (40) अपने बेटे अमन गंगवार के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। अमन ने बताया कि उनका परिवार उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता है। दशहरे के त्योहार पर छुट्टी मिलने के बाद परिवार गांव आ रहा था। रविवार सुबह करीब 7:45 बजे उनकी बाइक जहानाबाद क्षेत्र में अप्सरा नदी पुल के पास पहुंची। इसी दौरान हाईवे पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और फिसल कर गिर गई। बाइक पर पीछे बैठीं सविता देवी सड़क पर गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई।

हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। घायल सविता को जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


Credit By Amar Ujala

Back to top button