सीजी- कोरबा: दुर्गा पंडाल देखने गया था परिवार, सूने मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख – INA

बालको थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक सूने मकान में भीषण आग लग गई। आग इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय पूरा परिवार दुर्गा पंडाल देखने बाहर गया हुआ था और घर पर ताला लगा था। गनीमत रही कि समय रहते गैस सिलेंडर को बाहर निकाल लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी का परिवार दुर्गा पंडाल देखने गया था। घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक घर से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। राहगीरों ने घर से धुआं उठता देखा तो तुरंत बालको थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। साथ ही मकान मालिक को फोन कर जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार भी मौके पर पहुंचा।
ये भी पढ़ें: रायपुर की टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग: मचा हड़कंप, जान बचाकर भागे मजदूर, आसमान में छाया धुएं का गुबार
आग की सूचना पर बालको थाना पुलिस और बालको नगर का दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंचा। घर में ताला लगा होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस और दमकलकर्मियों ने घर का दरवाजा और खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जान जोखिम में डालकर किसी तरह किचन में रखे गैस सिलेंडर को बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर समय पर राहगीरों की नजर नहीं पड़ती और दमकल टीम नहीं पहुंचती तो आग पूरे मोहल्ले में फैल सकती थी। फिलहाल आग से घर में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। बालको थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मकान मालिक के बयान के आधार पर . की जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। आग से किसी जनहानि की सूचना नहीं है लेकिन घर का अधिकांश सामान पूरी तरह खाक हो गया है।