यूपी – यूपी: अगले माह आएगा सात लाख करोड़ का निवेश, सबसे ज्यादा हिस्सा सेवा क्षेत्र में; बढेंगे रोजगार के मौके – INA

 उत्तर प्रदेश में दिवाली बाद नवंबर अंत तक होने वाले भूमि पूजन समारोह (जीबीसी) 5.0 में 6972 परियोजनाएं शामिल होंगी। इनसे 755705 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। निवेश का बड़ा हिस्सा सेवा क्षेत्र से आएगा। सेवा क्षेत्र के लिए करीब 3.40 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। विनिर्माण क्षेत्र में 2.79 लाख करोड़ और बुनियादी ढांचे में 1.44 लाख करोड़ का निवेश होगा। डाटा सेंटर सबसे बड़ा क्षेत्र बनकर उभरा है जिसमें 1.80 लाख करोड़ का निवेश यूपी में आ चुका है।

इनवेस्ट यूपी ने जीबीसी 5.0 के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। फिलहाल समारोह के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान और डिफेंस एक्सपो ग्राउंड का चयन किया गया है। सेवा क्षेत्र में डाटा सेंटर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), पर्यटन, वित्तीय सेवाओं और शिक्षा जैसे सेक्टर शामिल हैं। इससे साफ है कि प्रदेश में निवेश का दायरा अब पारंपरिक उद्योगों के साथ डिजिटल और ज्ञान आधारित सेवाओं तक भी फैल रहा है।

जीबीसी 5.0 के लिए तैयार सेक्टरवार पोर्टफोलियो में डाटा सेंटर के बाद ऊर्जा क्षेत्र में 1.15 लाख करोड़ और रियल एस्टेट में 75 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। डाटा सेंटर में निवेश बढ़ने से प्रदेश में सर्वर क्षमता और क्लाउड सेवाओं का विस्तार होगा। विनिर्माण क्षेत्र में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, इस्पात एवं सीमेंट, फार्मा एवं रसायन, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्र शामिल हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button