यूपी – यूपी: शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, बिजनौर में रोकी ट्रेन – INA

शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे की है। नगीना रेलवे स्टेशन से पहले कोतवाली  रेलवे फाटक के पास ट्रेन के कोच से धुआं उठता देख यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एस-6 कोच को पूरी तरह खाली करा लिया गया।

शुक्रवार को शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अचानक धुआं उठने से यात्रियों में दहशत फैल गई। कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवा दिया। इसके बाद कोच में सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया। देखते ही देखते पूरे कोच में धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

यात्रियों का दावा है कि कोच में लगे अग्निशमन उपकरण जरूरत पड़ने पर नहीं खुल पाए। ऐसे में आग बुझाने को लेकर परेशानी हुई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे से अधिक समय तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रेन रेलवे फाटक पर खड़ी रही।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट से चिंगारी निकलने के कारण आग लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सीओ राजेश सोलंकी ने बताया कि ट्रेन के कोच में आग लगने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने तक दमकल कर्मी आग पर काबू पा चुके थे। घटना के बाद यात्रियों में . की यात्रा को लेकर चिंता बनी रही।


Credit By Amar Ujala

Back to top button