Crime- बदायूं: गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी -#INA

बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 38 वर्षीय युवक का शव गांव विजय नगला के बाहर नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल पर जांच कराई। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
गांव विजय नगला निवासी छत्रपाल शुक्रवार रात किसी समय घर से चले गए थे। शनिवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो नीम के पेड़ पर उनका शव लटका देखा। गांव के बाहर पेड़ से शव लटका मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के मुताबिक, छत्रपाल चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। वह नशे के आदी थे। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।