UP News: इकलौती बेटी ने प्यार में क्यों चुनी मौत? सुसाइड से पहले शाहजहांपुर की अनन्या बता गई पूरी कहानी – INA

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के तिलहर की रहने वाली 11वीं की छात्रा अनन्या की मौत हो गई. सोमवार शाम बरेली के गांधी उद्यान में अपने प्रेमी संदीप के साथ जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. संदीप की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. दोनों के प्रेम विवाह, परिवार की नाराजगी और किशोरी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद यह मामला उलझता चला गया. पुलिस अब इन सभी घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि अनन्या और संदीप ने घर से जाने के बाद नैनीताल में शादी की थी. दोनों के परिवार इस रिश्ते को लेकर सहमत नहीं थे. बताया जा रहा है कि संदीप उच्च जाति से है, जबकि अनन्या अनुसूचित जाति से थी. जातिगत अंतर भी शादी को लेकर परिवारों की असहमति की एक वजह बताया जा रहा है.

बुआ के घर के पास रहता था अनन्या का परिवार

अनन्या तिलहर की रहने वाली थी. उसके घर के पास ही संदीप की बुआ का घर है. इसी इलाके में दोनों की जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे उनके बीच प्रेम संबंध हो गए. संदीप शाहजहांपुर जिले के बंडा क्षेत्र के गुरुसंडा रायपुर का रहने वाला है. वह बरेली में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था. परिवार को जब दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताई थी.

संदीप की मां रामबेटी के मुताबिक, उन्हें करीब दो महीने पहले बेटे के प्रेम संबंध की जानकारी हुई थी. उन्होंने बेटे को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेमिका से बातचीत करता रहा. नाराज होकर मां ने उसका मोबाइल भी तोड़ दिया था. इसके बावजूद दोनों का मिलना-जुलना बंद नहीं हुआ.

पिता ने साढ़ू की बेटी को लिया था गोद

अनन्या के पिता राजेंद्र टेलीफोन एक्सचेंज से सेवानिवृत्त हैं. उनकी अपनी कोई संतान नहीं थी. उन्होंने अपने साढ़ू की बेटी अनन्या को गोद लिया था और उसका पालन-पोषण किया. अनन्या कक्षा 11 में पढ़ रही थी.

परिजनों के मुताबिक, शनिवार को स्कूल जाने के बाद अनन्या घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला. इसके बाद संदीप मिश्रा और उसके भाई शिवम के खिलाफ तिलहर थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी. इधर, संदीप की मां के अनुसार, शुक्रवार को उसने नोएडा में काम करने जाने की बात कहकर उनसे 10 हजार रुपये लिए थे. इसके बाद वह घर से चला गया. बाद में परिवार को अनन्या के साथ उसके जाने और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिली.

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब पौने सात बजे गांधी उद्यान में सैर कर रहे लोगों ने अनन्या और संदीप को अचेत अवस्था में देखा. पार्क के गार्ड ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची और उनके परिजनों को जानकारी दी. बाद में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने उनके मृत्यु पूर्व बयान दर्ज किए.

मृत्यु पूर्व बयान में अनन्या ने परिवार से बातचीत करने और अपने खिलाफ दर्ज अपहरण के मुकदमे को वापस लेने के लिए कहने की बात बताई थी. बताया गया कि वह चाहती थी कि परिवार मुकदमा वापस ले ले, लेकिन उसकी बात नहीं मानी जा रही थी. इसके बाद दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की घटना सामने आई. हालांकि, मुकदमे और जहर खाने के बीच के संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

मौत के बाद घर में मचा कोहराम, पुलिस जुटी जांच में

पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार देर रात उसका शव तिलहर स्थित घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था. मौके पर पुलिस भी तैनात रही. परिजनों ने अनन्या के बैंक खाते में करीब 75 हजार रुपये होने की जानकारी भी पुलिस को दी है. पुलिस अब उसके घर से लापता होने, संदीप के साथ नैनीताल जाने, शादी करने, अपहरण का मुकदमा दर्ज होने और दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की घटनाओं की कड़ियां जोड़ रही है.

सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद अनन्या का शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. संदीप का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है.

इकलौती बेटी ने प्यार में क्यों चुनी मौत? सुसाइड से पहले शाहजहांपुर की अनन्या बता गई पूरी कहानी


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button