सीजी- कोरबा: टुल्लू पंप पर निगम की सख्ती, तुलसीनगर में 6 पंप जब्त; एसईसीएल कॉलोनी में भी पानी की किल्लत – INA

कोरबा। नगर निगम कोरबा द्वारा जल संरक्षण और सुचारू जल आपूर्ति के लिए चलाए जा रहे मिशन वरुण के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने बताया कि नोडल जल प्रभारी राकेश मौर्य के नेतृत्व में शहर में अवैध कनेक्शन और टुल्लू पंप के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में तुलसीनगर एरिया में 6 टुल्लू पंप जब्त किए गए हैं।

आयुक्त ने बताया कि टुल्लू पंप लगाने से निगम की जल आपूर्ति का प्रेशर और फोर्स प्रभावित होता है, जिससे दूसरे वार्डों और आम नागरिकों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। ईमानदारी से कनेक्शन लेने वाले लोगों का मनोबल भी इससे टूटता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई रूटीन प्रक्रिया के तहत लगातार जारी रहेगी। शहर में कहीं भी अवैध रूप से टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचते पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे निगम के जल कनेक्शन में अवैध रूप से टुल्लू पंप न लगाएं। यदि कहीं पानी के प्रेशर या फोर्स की कोई समस्या है तो तत्काल जल प्रबंधन टीम या निगम की हेल्पलाइन से संपर्क करें, उसका समाधान किया जाएगा। गर्मी शुरू होने से पहले ही निगम ने जल संरक्षण को लेकर सख्ती बढ़ा दी है और विभिन्न वार्डों में जांच कर अवैध मोटर पंप हटाए जा रहे हैं।

हालांकि शहर के कई बस्ती और कॉलोनियों में यही स्थिति देखने को मिलती है। कई बार कार्रवाई के बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते और फिर से वही काम दोहराने लगते हैं। ऐसे में ऐसे लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है ताकि दूसरों को सबक मिल सके।

यही हाल एसईसीएल की एसबीएस कॉलोनी में भी है। वहां कई लोगों ने अपने घरों में मोटर फिट कर रखी है, जिसके चलते कई घरों में पानी ठीक से नहीं पहुंच पाता और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायतों के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को इस ओर विशेष ध्यान देकर लगातार कार्रवाई करने की जरूरत है। केवल एक-दो दिन की कार्रवाई से सुधार नहीं होगा, बल्कि नियमित निगरानी और सख्त जुर्माने से ही अवैध टुल्लू पंप की समस्या पर लगाम लगाई जा सकती है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button