Crime- वाराणसी: ऋण बंद कराने के नाम पर 23 लाख रुपये हड़पे, डीएसए पर धोखाधड़ी का आरोप; केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग -#INA

बजाज फाइनेंस का ऋण बंद कराने के नाम पर 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आशापुर निवासी अरविंद हरिनाथ यादव ने साइबर क्राइम ब्रांच में प्रार्थनापत्र देकर बजाज फाइनेंस के डीएसए संचालक अमन शर्मा समेत संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने बजाज फाइनेंस से 33 लाख रुपये का ऋण लिया था। इसमें से 7.50 लाख रुपये कंपनी के आधिकारिक एप पर जमा कर चुके थे। आरोप है कि इसी दौरान अमन शर्मा ने फोन कर बिना अतिरिक्त ब्याज और फोरक्लोजर चार्ज के पूरा ऋण बंद कराने का भरोसा दिया। पहले भी ऋण कराने के कारण पीड़ित ने उसकी बातों पर विश्वास कर लिया।
आरोप है कि अमन ने ऋण बंद कराने के लिए विनय कश्यप के एक्सिस बैंक खाते में रुपये जमा करने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने 20 जुलाई से 3 अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 23 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। भुगतान के बाद ऋण की स्टेटमेंट और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मांगने पर आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। साइबर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।