Sport : 2 वर्ल्ड कप जीता, शतकों का खास रिकॉर्ड… यहां जानिए ग्लेन मैक्सवेल के 14 साल के करियर की 10 सबसे बड़ी उपलब्धियां #INA

Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपने 14 साल के इंटरनेशनल करियर पर फुल स्टॉप लगा दिया है. उन्होंने 2 नवंबर को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेते हुए ऐसा किया. हालांकि, मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलते नजर आ सकते हैं. मैक्सवेल ने वनडे, टी20 और टेस्ट तीनों फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया है. उनके करियर में कई ऐसी पारियां और उपलब्धियां दर्ज हैं, जिन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान किया. 2015 और 2023 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहने से लेकर वर्ल्ड कप में दोहरा शतक जड़ने तक, मैक्सवेल ने कई यादगार मुकाम हासिल किए हैं. तो आइए इस आर्टिकल में हम आपको उनके करियर की 10 सबसे बड़ी उपलब्धियों के बारे में बताते हैं…

दो बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे

ऑलराउंडर खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2 बार की वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे. वह 2015 और 2023 में विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे हैं. साल 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था.

वहीं, 2023 में भारत में खेले गए वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान टीम को हराकर छठवीं बार ट्रॉफी जीती थी. इन दोनों ही टूर्नामेंट में मैक्सवेल ने अपनी बल्लेबाजी और उपयोगी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से टीम के लिए योगदान दिया.

2021 में टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बने

ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया की पहली टी20 वर्ल्ड कप जीत का भी हिस्सा बनकर इतिहास रचा. यूएई और ओमान में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था. खिताबी मुकाबले में मैक्सवेल ने 18 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. इस तरह वह ऑस्ट्रेलिया के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए, जिन्होंने वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाई है. 

वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बल्लेबाज बने

मैक्सवेल ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसे क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता है. मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 91 रन पर सात विकेट गंवा चुका था.

इसके बाद मैक्सवेल ने कप्तान पैट कमिंस के साथ मिलकर नाबाद 202 रन की साझेदारी की और टीम को जीत दिला दी. मैक्सवेल ने 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन बनाए. वह वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बल्लेबाज बने. साथ ही, पुरुष वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने.

वनडे वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया

ऑलराउंडर खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल के नाम वनडे वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. उन्होंने 25 अक्टूबर 2023 को दिल्ली में नीदरलैंड के खिलाफ महज 40 गेंदों में शतक पूरा किया था. इस पारी में उन्होंने नौ चौके और आठ छक्के लगाए और 44 गेंदों पर 106 रन बनाकर आउट हुए.

मैक्सवेल ने साउथ अफ्रीका के एडेन मार्करम का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में 49 गेंदों पर शतक लगाया था. मैक्सवेल की यह पारी ऑस्ट्रेलिया की 399 रन की बड़ी पारी का अहम हिस्सा बनी. 

वनडे वर्ल्ड कप में नंबर-5 बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक

ग्लेन मैक्सवेल की एक और बड़ी उपलब्धि वनडे वर्ल्ड कप में निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने से जुड़ी है. उन्होंने विश्व कप में नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए तीन शतक लगाए हैं. इनमें 2015 में श्रीलंका के खिलाफ लगाया गया शतक और 2023 में नीदरलैंड, अफगानिस्तान के खिलाफ बनाए गए शतक शामिल हैं. वर्ल्ड कप इतिहास में नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी दूसरे खिलाड़ी के नाम एक से ज्यादा शतक नहीं हैं.

ऑस्ट्रेलिया के लिए 150 से ज्यादा वनडे छक्के लगाए

मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट में अपनी पावर-हिटिंग से भी खास पहचान बनाई. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे मुकाबलों में 155 छक्के लगाए. इस सूची में वह रिकी पोंटिंग के बाद दूसरे स्थान पर रहे, जिनके नाम 159 छक्के दर्ज हैं. मैक्सवेल ने वनडे में 3,990 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 126.71 रहा. वह तेजी से रन बनाने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने की क्षमता भी रखते थे. उनका 201 का नाबाद स्कोर वनडे में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है.

इंटरनेशनल शतक और 136 विकेट के साथ करियर को कहा अलविदा

ग्लेन मैक्सवेल ने 2 नवंबर 2026 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया. उनका इंटरनेशनल करियर करीब 14 साल तक चला. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे, 130 टी20 इंटरनेशनल और सात टेस्ट मैच खेले. तीनों फॉर्मेट मिलाकर उनके नाम 10 इंटरनेशनल शतक और 136 विकेट दर्ज हैं. वनडे में उन्होंने 3,990 रन और टी20 इंटरनेशनल में 2,897 रन बनाए.

तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

ग्लेन मैक्सवेल ने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने की उपलब्धि भी हासिल की है. टेस्ट क्रिकेट में उनका एकमात्र शतक भारत के खिलाफ रांची में 2017 में आया था.वनडे में उनके नाम चार शतक दर्ज हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने पांच शतक लगाए. इस तरह वह ऑस्ट्रेलिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में से एक हैं, जिन्होंने तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में शतक जमाया.

टी20 इंटरनेशनल में पांच शतक लगाने का रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मैक्सवेल की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा उनके पांच शतकों से लगाया जा सकता है. उन्होंने इस फॉर्मेट में 130 मुकाबलों में 2,897 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 154.42 रहा. उनका बेस्ट स्कोर 145 रन है. ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में उनसे ज्यादा शतक किसी बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं. 5 टी20 शतकों के साथ वह इस फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाने में सफल रहे.

आईपीएल 2014 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बने

ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल में भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया. साल 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का अवॉर्ड जीता. उस सीजन में मैक्सवेल ने 16 मैचों में 552 रन बनाए थे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने पंजाब को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

ये भी पढ़ें: पंजाब किंग्स के हुए हार्दिक पांड्या! स्टार ऑलराउंडर के बदले में मुंबई इंडियंस में शामिल होगा ये खतरनाक तेज गेंदबाज

2 वर्ल्ड कप जीता, शतकों का खास रिकॉर्ड… यहां जानिए ग्लेन मैक्सवेल के 14 साल के करियर की 10 सबसे बड़ी उपलब्धियां





देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :->/b>Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on newsnationtv.com, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button