खबर शहर , Agra News: पिनाहट पांटून पुल पर आज से फर्राटा भरेंगे वाहन – INA

पिनाहट। कस्बे के चंबल घाट पर बुधवार से पांटून पुल पर आवागमन शुरू हो जाएगा। यूपी और एमपी दो प्रदेशों के बीच वाहन फर्राटा भरेंगे। पुल चालू होने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़े गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

बता दें कि हर वर्ष लोक निर्माण विभाग की ओर से 15 अक्तूबर से चंबल नदी पर पांटून पुल लगाने का कार्य शुरू कराया जाता है। इस वर्ष मोटर बोट का संचालन नहीं होने के चलते आसपास के गांवों के लोगों को नदी पार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोक निर्माण विभाग की ओर से 15 अक्तूबर से ही पांटून पुल लगाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा था। मंगलवार देर शाम तक कर्मचारियों ने पुल पर स्लीपर डालने का काम पूरा कर लिया। बुधवार को पुल को भिच्ची से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। वहीं, मध्य प्रदेश की ओर मिट्टी डालकर रास्ता तैयार किया जा रहा है। दोनों ओर संपर्क मार्ग तैयार होने के बाद बुधवार दोपहर से पुल पर आवागमन शुरू कराने की तैयारी है।

बुधवार दोपहर तक पांटून पुल पर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। इससे दोनों राज्यों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।-हरीश कुमार, एई लोक निर्माण विभाग


Credit By Amar Ujala

Back to top button