दिवाली से पहले प्रदेश की 762 नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए 1201.64 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए हैं। पांचवें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत इस राशि में 545 नगर पंचायतों को 242.81 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे सड़क, सीवर, खड़ंजे और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
स्थानीय निकाय निदेशालय के निदेशक अनुज कुमार झा के अनुसार, नगर निगमों को 531.78 करोड़, नगर पालिका परिषदों को 427.05 करोड़ और नगर पंचायतों को 242.81 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से निकायों के कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के वेतन व अन्य देयकों का भुगतान प्राथमिकता से होगा।
निदेशालय ने धनराशि मिलने के 15 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद बची रकम विकास कार्यों पर खर्च की जा सकेगी। निकायों को खर्च का उपयोगिता प्रमाणपत्र निर्धारित व्यवस्था के तहत देना होगा। सर्वाधिक राशि पाने वाली पांच नगर पंचायतों में बख्शी का तालाब लखनऊ 1.19 करोड़ रुपये मिले हैं। ऐसे ही लखनऊ नगर निगम को सर्वाधिक 81.62 करोड़ रुपये मिले हैं।