खबर शहर , जल्दबाजी का चक्कर: जाम लगने का ये है प्रमुख कारण,  एमजी रोड पर रेंगे वाहन; एंबुलेंस भी फंसी – INA

वाहन चालकों की जल्दबाजी से बुधवार को शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर एक घंटे तक जाम लगा। लोग अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन से वाहन निकालने लगे, जिससे व्यवस्था चरमरा गई। इस दौरान सैकड़ों राहगीर धूल और धुएं के बीच घंटों फंसे रहकर परेशान होते रहे।

सुबह से ही एमजी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोहामंडी, पंचकुइयां, मदिया कटरा और आरबीएस चौराहे पर हालात ज्यादा खराब रहे। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी और सेंट जोंस स्थित एक इंटर कॉलेज के कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस पहने बच्चों को लेकर निकले अभिभावकों की भारी भीड़ ने स्थिति को और बिगाड़ दिया।

एमजी रोड पर आने के लिए लोगों ने जब अपनी लेन छोड़ी तो लोहामंडी और हरीपर्वत दोनों ओर से आने वाला ट्रैफिक आमने-सामने फंस गया। इससे हर तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण जाम की स्थिति देख यातायातकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। इसी दौरान एक मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस के लिए रास्ता निकाला। करीब एक घंटे की भारी जद्दोजहद के बाद यातायात सामान्य हो सका।

एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि कुछ वाहन चालकों की जल्दबाजी और गलत तरीके से वाहन निकालने के कारण अव्यवस्था हो गई थी। पुलिस टीम ने स्थिति को संभाल लिया और यातायात को सामान्य कराया। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button