यूपी – दिल्ली से जहरीली हवा: धूल-धुएं और स्मॉग में घुट रहा अलीगढ़, एक्यूआई 731 पर पहुंचा – INA

अलीगढ़ की हवा अब दिल्ली से भी ज्यादा प्रदूषित हो गई है। हवा में घुले धूल और धुएं के कणों ने लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल कर दिया है। एक्यूआई डॉट इन के मुताबिक शुक्रवार सुबह 9:30 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 731 तक पहुंच गया, जबकि इसी दौरान दिल्ली का अधिकतम एक्यूआई 728 दर्ज किया गया।

पांच नवंबर से छह नवंबर की सुबह तक अलीगढ़ का प्रदूषण स्तर लगातार 500 से ऊपर बना रहा। सुबह और शाम के समय धुंध की चादर दिखाई दे रही है। आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें भी बढ़ रही हैं। एएमयू के भूगोल विभाग के पूर्व वैज्ञानिक प्रो. अतीक अहमद के अनुसार, धुंध बढ़ने के पीछे केवल मौसम में बदलाव नहीं, बल्कि प्रदूषण और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों का संयुक्त प्रभाव है।

सर्दी बढ़ने के साथ हवा की रफ्तार कम हो जाती है और वातावरण में नमी बढ़ती है। ऐसे में धूल, धुआं और प्रदूषक कण वातावरण में ही जमा रहने लगते हैं। धीरे-धीरे शहर के ऊपर प्रदूषण की एक परत बन जाती है। उन्होंने बताया कि रात में जमीन के नजदीक की हवा ठंडी हो जाती है, जबकि उसके ऊपर अपेक्षाकृत गर्म हवा की परत रहती है। इसे तापमान का उलटाव (इनवर्जन) कहते हैं। गर्म हवा की यह परत ढक्कन की तरह काम करती है और प्रदूषकों को ऊपर जाने से रोकती है। हवा की गति कम होने पर धूल और जहरीले कण लंबे समय तक वातावरण में बने रहते हैं।


यहां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अपना वायु गुणवत्ता मापन केंद्र नहीं है। निगरानी के लिए एएमयू के आंकड़ों पर निर्भरता है।-डॉ. विश्वनाथ शर्मा, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड



Credit By Amar Ujala

Back to top button