बरेली में मंगलवार सुबह टहलने निकले पेट्रोल पंप संचालक विनय गुप्ता (63) की हादसे में मौत हो गई। उन्हें किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा कैंट क्षेत्र में मिलिट्री अस्पताल के पास हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विनय गुप्ता को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गार्डन निवासी विनय गुप्ता पेट्रोल पंप संचालक थे। परिजन के मुताबिक, वह रोज की तरह मंगलवार सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में वारदात: पति ने गला घोंटकर पत्नी को मार डाला, बेटी की भी हत्या की कोशिश, हालत नाजुक
हादसे के बाद पुलिस को विनय की जेब से मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात मिले। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क किया। मौत की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। विनय की मौत से पत्नी बरखा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी दो बेटियां बाहर रहती हैं।