UP News: मिशन-2027 के लिए BJP का मेगा प्लान, सभी 403 सीटों पर जन चौपाल लगाएंगे CM योगी और उनके मंत्री – INA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव से पहले पार्टी अब सीधे जनता के बीच पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है. इसके तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जन चौपाल आयोजित करने की तैयारी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर से इस अभियान की शुरुआत करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के टाउनहॉल मैदान में पहली जन चौपाल लगाएंगे. इस अभियान के जरिए सरकार और संगठन के नेता जनता के बीच पहुंचेंगे और लोगों से सीधा संवाद करेंगे. जन चौपाल में स्थानीय समस्याओं को सुनने, सरकार के कामकाज पर लोगों की प्रतिक्रिया जानने और जनता से फीडबैक लेने पर जोर रहेगा. इसके जरिए भाजपा चुनाव से पहले हर क्षेत्र में जनता के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश करेगी.
गोरखपुर से शुरू होगा जन चौपाल अभियान
भाजपा ने जन चौपाल अभियान की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर को चुना है. 19 नवंबर को टाउनहॉल मैदान में होने वाली पहली जन चौपाल में गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है. मुख्यमंत्री यहां लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे. गोरखपुर से शुरू होने वाला यह अभियान आगे प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंचाया जाएगा.
पार्षद से बूथ अध्यक्ष तक को जिम्मेदारी
जन चौपाल अभियान को केवल बड़े नेताओं के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा. इसे बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए संगठन के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है. पार्षदों से लेकर बूथ अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों तक को अभियान में सक्रिय किया गया है.
इसके अलावा मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी अभियान से जोड़ा गया है. पार्टी की कोशिश है कि जन चौपाल में स्थानीय स्तर पर ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो और जनता की समस्याएं सीधे सरकार तथा संगठन तक पहुंचें.
IT और सोशल मीडिया टीम भी रहेगी सक्रिय
जन चौपाल अभियान को लेकर भाजपा की आईटी और सोशल मीडिया टीम भी सक्रिय रहेगी. अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों और जनता से संवाद को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पहुंचाने की तैयारी है. इससे प्रदेशभर में चलने वाले जन चौपाल कार्यक्रमों को प्रचारित करने और पार्टी के अभियान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा.
जनता से संवाद के जरिए चुनावी फीडबैक लेने की रणनीति
भाजपा के इस अभियान का एक अहम मकसद सरकार और संगठन के बीच जनता की प्रतिक्रिया को सीधे पहुंचाना है. स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में काम करने के साथ-साथ पार्टी जनता के बीच सरकार की योजनाओं और कामकाज को लेकर फीडबैक भी जुटाएगी. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सभी 403 सीटों पर जन चौपाल आयोजित करने की योजना को भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तौर पर देखा जा रहा है.
मिशन-2027 के लिए BJP का मेगा प्लान, सभी 403 सीटों पर जन चौपाल लगाएंगे CM योगी और उनके मंत्री
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,