खबर शहर , गरीबों पर चला डंडा: नगर निगम ने जब्त कर लीं ठेल-ढकेल, आंसू देख भी न रुकी कार्रवाई; बुलडोजर चलता रहा – INA

न्यू आगरा सब्जी मंडी में मुख्य सड़क पर ठेल-ढकेल लगाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम ने अभियान चलाया। इस कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक ठेल-ढकेल जब्त किए गए। कार्रवाई का कुछ दुकानदारों ने विरोध किया और टीम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन टास्कफोर्स के सामने उनकी एक नहीं चली।

न्यू आगरा सब्जी मंडी में दुकानदारों की ओर से निर्धारित स्थानों के बजाय मुख्य सड़क तक ठेल-ढकेल लगाकर सब्जियों की बिक्री की जा रही थी। इस वजह से न्यू आगरा-दयालबाग रोड पर दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं। सड़क पर ठेल खड़े होने से ट्रैफिक जाम में लोग परेशान हो रहे थे। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से शिकायत के बाद सेनेटरी इंस्पेक्टर जागेंद्र सिंह ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।

मंगलवार को नगर निगम के टास्क फोर्स ने न्यू आगरा सब्जी मंडी में पहुंचकर ठेल-ढकेल जब्त कर लीं। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने विरोध जताया, लेकिन निगम की टीम ने अभियान जारी रखते हुए अतिक्रमण हटवाया।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि न्यू आगरा सब्जी मंडी में सड़क पर ठेल-ढकेल लगाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान जारी रहेगा। इस मुहिम में व्यापारी सहयोग करें और खुद ही फुटपाथ खाली रखें। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button