Technology, ओपनएआई के नए एआई मॉडल जीपीटी-6.2 एस्ट्रा और सोल लॉन्च: अब कम कीमत में मिलेंगे बेहतर नतीजे, क्या हुए बदलाव? – Openai Launches Gpt-6.2 Astra And Sol, Better Ai Performance Lower Cost — INA

ओपनएआई ने अपने एआई मॉडल की रेंज बढ़ाते हुए जीपीटी-6.2 एस्ट्रा और जीपीटी-6.2 सोल मॉडल लॉन्च किए हैं। कंपनी ने इन दोनों मॉडल काे अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। जीपीटी-6.2 एस्ट्रा का इस्तेमाल साइबर सुरक्षा, कोडिंग, 3डी डिजाइन और जटिल प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स के लिए किया जा सकता है। वहीं, जीपीटी-6.2 सोल को राेज के काम और प्रोडक्टिविटी के लिए पेश किया गया है।

कंपनी का दावा है कि नए मॉडल कम टोकन खर्च करके बेहतर नतीजे दे सकते हैं। खास बात यह है कि जीपीटी-6.2 एस्ट्रा अपने पुराने वर्जन के मुकाबले 20 फीसदी कम कीमत पर उपलब्ध होगा। हालांकि, शुरुआती प्रतिक्रियाओं में कुछ डेवलपर्स और निवेशकों ने इन मॉडल की क्षमताओं पर निराशा भी जताई है।

किन कामों के लिए यह दो एआई मॉडल?

ओपनएआई के यह मॉडल्स दो अलग-अलग जरूरतों के लिए आए हैं। कंपनी का कहना है कि इनका मकसद एआई की मदद से काम करने के तरीके को बेहतर बनाना है। दोनों मॉडल की खासियत और इस्तेमाल अलग-अलग हैं।

  • जीपीटी-6.2 एस्ट्रा: इसेजटिल और पेशेवर कामों के लिए तैयार किया गया है। यह प्रेजेंटेशन, स्प्रेडशीट, दस्तावेज, कोडिंग, वेबसाइट डिजाइन और साइबर सुरक्षा जैसे कामों को संभाल सकता है।
  • जीपीटी-6.2 सोल: यह मॉडल यूजर्स के रोजाना के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसका इस्तेमाल मल्टीस्टेप वर्कफ्लो, कोडिंग और सामान्य प्रोडक्टिविटी से जुड़े कामों में किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि दोनों मॉडल बेहतर प्रदर्शन के साथ कम टोकन खर्च करने पर ध्यान देते हैं।

क्या-क्या कर सकता है जीपीटी-6.2 एस्ट्रा?

  • ओपनएआई ने जीपीटी-6.2 एस्ट्रा को जटिल प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स के लिए तैयार किया है। इसे खासतौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जिन्हें एआई की मदद से बड़े और तकनीकी काम करने होते हैं।
  • यह मॉडल पहले के मुकाबले बेहतर प्रेजेंटेशन, स्प्रेडशीट, दस्तावेज और कोड तैयार कर सकता है। इसके अलावा, दिए गए टेम्पलेट के अनुसार काम करने की क्षमता भी बेहतर बनाई गई है। यानी यूजर जिस फॉर्मेट या डिजाइन में काम चाहता है, मॉडल उसका ज्यादा सटीक तरीके से पालन कर सकता है।
  • वेबसाइट डिजाइन के मामले में भी इसमें सुधार किया गया है। कंपनी के अनुसार, यह पहले से बेहतर वेबसाइट डिजाइन तैयार कर सकता है।

बेंचमार्क पर कैसा रहा प्रदर्शन?

  • ओपनएआई के अनुसार, एजेंट्स लास्ट एग्जाम (Agents Last Exam) बेंचमार्क में जीपीटी-6.2 एस्ट्रा ने पुराने जीपीटी-6 एस्ट्रा के मुकाबले 5.2 अंक ज्यादा हासिल किए हैं। खास बात यह है कि कंपनी का दावा है कि इसने पुराने मॉडल की तुलना में एक तिहाई से भी कम लागत में यह प्रदर्शन किया है।
  • इसके अलावा, वैज्ञानिक शोध से जुड़े मूल्यांकन में भी इसने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। इसमें टर्मिनल-बेंच-साइंस 0.1 जैसे बेंचमार्क शामिल हैं। इतना ही नहीं जीपीटी-6.2 एस्ट्रा में साइबर सुरक्षा से जुड़े कामों को बेहतर तरीके से संभालने की क्षमता दी गई है।
  • कंपनी का कहना है किजीपीटी-6.2 एस्ट्रा और सोल दोनों मॉडल साइबर सुरक्षा क्षमताओं के लिए कंपनी की क्रिटिकल सीमा को पूरा करते हैं। वहीं, जैविक और रासायनिक क्षमताओं के मामले में दोनों मॉडल हाई सीमा को भी पूरा करते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस स्तर की क्षमताओं के कारण अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की जरूरत होती है।

किन कामों को आसान बनाएगा जीपीटी-6.2 सोल?

  • ओपनएआई का दूसरा मॉडल जीपीटी-6.2 सोल है, जो आम यूजर्स के रोजमर्रा के कामों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह जीपीटी-6.1 सोल की तुलना में ज्यादा बेहतर बुद्धिमत्ता और दक्षता के साथ काम करता है।
  • इसका इस्तेमाल कई तरह के कामों में किया जा सकता है। इनमें मल्टीस्टेप वर्कफ्लो, कोडिंग और सामान्य प्रोडक्टिविटी से जुड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा, दैनिक इस्तेमाल से जुड़े मूल्यांकनों में भी इसने अच्छा प्रदर्शन किया है।
  • ओपनएआई का कहना है कि जीपीटी-6.2 एस्ट्रा की तुलना में यह हर काम पर काफी कम खर्च करता है। इस तरह कंपनी ने एक मॉडल को जटिल प्रोफेशनल जरूरतों और दूसरे को रोजमर्रा के कामों के लिए तैयार किया है।

जीपीटी-6.2 एस्ट्रा और जीपीटी-6.2 सोल की कीमत कितनी है?

ओपनएआई ने दोनों मॉडल के लिए अलग-अलग कीमत तय की है। जीपीटी-6.2 एस्ट्रा की कीमत पुराने मॉडल के मुकाबले कम रखी गई है, जबकि सोल की कीमत अपने पिछले वर्जन जैसी ही है।

मॉडलइनपुट टोकन कीमतआउटपुट टोकन कीमत
जीपीटी-6.2 एस्ट्रा$8 प्रति 10 लाख$40 प्रति 10 लाख
जीपीटी-6.2 सोल$2 प्रति 10 लाख$10 प्रति 10 लाख

जीपीटी-6.2 एस्ट्रा के कैश्ड इनपुट टोकन की कीमत 0.40 डॉलर प्रति 10 लाख टोकन रखी गई है। कंपनी के मुताबिक, एस्ट्रा की कीमत पुराने मॉडल के मुकाबले 20 फीसदी कम है। वहीं, जीपीटी-6.2 सोल की कीमत जीपीटी-6.1 सोल जैसी ही रखी गई है। इसके अलावा, ओपनएआई योग्य ग्राहकों के लिए अल्ट्राफास्ट एक्सेस की सुविधा भी पेश कर रही है।

किन यूजर्स को मिलेगा फायदा?

ओपनएआई के अनुसार, जीपीटी-6.2 एस्ट्रा और जीपीटी-6.2 सोल अब चैटजीपीटी वर्क और कोडक्स के जरिए उपलब्ध हैं। इनका इस्तेमाल प्लस, प्रो, एंटरप्राइज और Edu प्लान के यूजर कर सकते हैं।

डेवलपर्स के लिए भी इन मॉडल का एक्सेस ओपनएआई एपीआई के जरिए के जरिए उपलब्ध कराया गया है। इससे डेवलपर्स अपने एप्लिकेशन और दूसरे सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट्स में इन AI मॉडल का इस्तेमाल कर सकेंगे।

डेवलपर्स और निवेशकों की प्रतिक्रिया से ओपनएआई पर सवाल

  • नए मॉडल लॉन्च होने के बाद कुछ डेवलपर्स और निवेशकों ने इनके प्रदर्शन पर निराशा जताई है। थियो जैसे डेवलपर्स और निवेशक मैट शूमर ने ज्ञान की कमी और खराब कोडिंग के कारण इन मॉडल की आलोचना की।
  • इस प्रतिक्रिया पर ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने भी जवाब दिया। उन्होंने आलोचना को स्वीकार किया और भविष्य के मॉडल वर्जन में उपयोगिता को बेहतर बनाने का वादा किया।
  • इससे साफ है कि नए मॉडल बेहतर बेंचमार्क और कम कीमत के दावों के साथ आए हैं, लेकिन वास्तविक इस्तेमाल में उनकी उपयोगिता को लेकर यूजर्स की उम्मीदें भी काफी अहम रहेंगी।

Source link

Back to top button