दिल्ली धमाके के बाद जैसलमेर में अलर्ट:सीमावर्ती जिले में सुरक्षा बढ़ाई गई, हर गाड़ी की हो रही गहन जांच- INA NEWS

दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पुलिस ने जिले में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है और आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। जैसलमेर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह जिला देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। पाकिस्तान से सटी सीमा होने के कारण यहां किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में दिल्ली में धमाके की खबर मिलते ही पुलिस ने जिले में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान शुरू कर दिया। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद पूरे जिले में पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। जिले के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसपी ने कहा कि पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। जिले में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर जांच अभियान शुरू किया है। वाहन चालकों और यात्रियों की आईडी चेकिंग भी की जा रही है। आमजन से सतर्क रहने की अपील पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचने और केवल सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है। सीमा इलाकों में भी सघन निगरानी खुफिया सूत्रों के अनुसार, जिले के पोकरण, फतेहगढ़, रामगढ़, तनोट और लोंगेवाला इलाकों में भी सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ा दी है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) की चौकियों पर भी गश्त तेज कर दी गई है। पुलिस और बीएसएफ के अधिकारी लगातार आपसी समन्वय में काम कर रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके। जारी रहेगा सर्च ऑपरेशन सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी रातभर सर्च अभियान चलाने का निर्णय लिया है। होटल, लॉज और किराए के मकानों में रह रहे लोगों की भी जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने भी अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। एसपी शिवहरे ने कहा कि “जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |




