70 विधानसभा क्षेत्रों में 23 सितंबर से आंगन का मिलन:आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मान देगी दिल्ली सरकार; 2,500 रुपए की सम्मान किट भी मिलेगी- INA NEWS

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। सरकार उनके योगदान को सम्मान देने के साथ मानदेय बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 23 सितंबर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ लाभार्थी, बच्चे, महिलाएं, अभिभावक और स्थानीय समुदाय के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रमों के लिए करीब 25 हजार निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि, लाभार्थी, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं, अभिभावक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायक, क्रेच कार्यकर्ता व सहायक और समुदाय के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को पोषण शपथ भी दिलाई जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगी सम्मान किट सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए करीब 2,500 रुपए मूल्य की विशेष सम्मान किट तैयार की है। इसमें बैग, यूनिफॉर्म, इंसुलेटेड पानी की बोतल, कैप, प्राथमिक उपचार पाउच और छाता शामिल हैं। विधानसभा स्तर के कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि अग्रिम पंक्ति के आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ये किट प्रदान करेंगे। सरकार के अनुसार, यह किट कार्यकर्ताओं के योगदान के प्रति सम्मान और उनके समुदाय से जुड़ाव को मजबूत करने का प्रतीक होगी।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |