भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे का PA पत्नी की मौत मामले में गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप- INA NEWS

महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे के पर्सनल असिस्टेंट को सोमवार को अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अनंत गर्जे की पत्नी डॉ. गौरी पाल्वे (28 साल) ने घरेलू विवाद के चलते शनिवार को मुंबई के वर्ली स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। गौरी पाल्वे के पिता की शिकायत पर, पुलिस ने मंत्री मुंडे के PA गर्जे और उनके दो रिश्तेदारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सोमवार सुबह गर्जे को गिरफ्तार कर लिया और बाद में उसे अदालत में पेश किया जाएगा। अनंत और गौरी की इसी साल फरवरी में शादी हुई थी। गौरी सरकारी केईएम अस्पताल में डेंटिस्ट थी। पुलिस के अनुसार, गौरी के परिवार ने आरोप लगाया है कि अनंत ने उसे प्रताड़ित और परेशान किया था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। गौरी के परिवार ने आरोप लगाया कि अनंत का शादी के बाद किसी और से भी संबंध था। गौरी ने उसे मोबाइल फोन पर किसी अन्य महिला से बात करते हुए पकड़ लिया था। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। गौरी के परिवार ने उन्होंने बंद कमरे में पोस्टमार्टम और मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की भी मांग की है। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली के सेंट कोलंबा में 10वीं के छात्र की आत्महत्या मामले में तीन शिक्षकों से पूछताछ, चार निलंबित दिल्ली के सेंट कोलंबा स्कूल के 10वीं के छात्र शौर्य की आत्महत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन शिक्षकों को पूछताछ के लिए बुलाया है। दो शिक्षक सोमवार को बयान देंगे, जबकि दो से रविवार को पूछताछ हो चुकी है। पुलिस छात्रों से भी बातचीत कर मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच कर रही है। शौर्य के पिता ने आरोप लगाया कि एक शिक्षिका ने उसे ट्रांसफर सर्टिफिकेट की धमकी दी, क्लास में धक्का दिया और उसका मजाक उडाया। सोमवार को वे स्कूल में प्रदर्शन करेंगे। मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में FIR दर्ज कर चार शिक्षकों को निलंबित किया गया है। देहरादून में इंडिगो फ्लाइट से पक्षी टकराया, नोज-कोन क्षतिग्रस्त; लैंडिंग के वक्त हादसा देहरादून के जौली ग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार शाम लैंडिंग के समय एक इंडिगो की फ्लाइट से पक्षी से टकरा गई। इससे विमान का नोज-कोन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, फ्लाइट में सवार सभी 186 यात्री सुरक्षित रहे। इंडिगो की फ्लाइट संख्या IGO-5032 मुंबई से पहुंची थी। करीब 6:45 बजे पर लैंडिंग के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने रनवे की पूरी जांच कराई, ताकि आगे किसी तरह के जोखिम को रोका जा सके। इंडिगो ने क्षतिग्रस्त विमान की मरम्मत शुरू कर दी है। दिल्ली में एक घर से ₹262 करोड़ की ड्रग्स जब्त, नगालैंड की एक महिला समेत दो गिरफ्तार; गिरोह विदेशी सरगना से जुड़ा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 20 नवंबर को दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर स्थित एक घर से 329 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (ड्रग्स) जब्त किया। इसकी कीमत 262 करोड़ रुपए आंकी गई है। एनसीबी-दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन क्रिस्टल फोर्ट्रेस’ के तहत यह कार्रवाई की। इस मामले में नगालैंड की एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह एक विदेशी सरगना से जुड़ा है, जो पिछले साल दिल्ली में 83 किलोग्राम कोकीन की जब्ती के मामले में भी वांटेड है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ड्रग रैकेट के खिलाफ कार्रवाई को लेकर दिल्ली पुलिस और एनसीबी की सराहना की। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा- सरकार तेजी से ड्रग तस्करों के गिरोह को ध्वस्त कर रही है। यह जॉइंट ऑपरेशन PM मोदी के नशा मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए मल्टी-एजेंसी को-ऑर्डिनेशन का एक शानदार उदाहरण है। भारत-चीन सीमा पर बनेंगे 10 ऑल-वुमन बॉर्डर पोस्ट भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) भारत-चीन सीमा पर 10 ऑल-वुमन बॉर्डर पोस्ट बना रही है। आईटीबीपी के डीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला जवानों की भूमिका बढ़ाने की दिशा में लद्दाख के लुकुंग व हिमाचल प्रदेश के थांगी में दो ऑल-वुमन पोस्ट बनाई जा रही हैं। इसके अलावा आठ और महिला पोस्ट जल्द शुरू की जाएंगी। IPC हर्ष ए. पोद्दार ने देश का पहला ‘एआई जिला’ बनाया, नागपुर ग्रामीण के एसपी हैं महाराष्ट्र के नागपुर जिले में नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष ए. पोद्दार ने ‘मार्वल’ नाम का एआई सिस्टम विकसित किया है। यह भीड़ में हथियार पहचानने, लोगों की संख्या गिनने और खतरे का अंदाजा लगाने जैसे काम खुद कर लेता है। इससे पुलिस को किसी आतंकी हमले, भगदड़ या बड़े हादसे से पहले ही स्थिति समझने और तैयारी करने में मदद मिलती है। मार्वल की बदौलत महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले को देश के पहले ‘एआई डिस्ट्रिक्ट’ के तौर पर पहचाना जा सका है। एसपी पोद्दार पुलिसिंग को तकनीक से जोड़कर आगे ले जाना चाहते हैं। उन्होंने ऑक्सफर्ड और हार्वर्ड जैसी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। हैदराबाद आने वाली फ्लाइट में बम की अफवाह, डायवर्ट बहरीन से हैदराबाद आ रही एक फ्लाइट को रविवार को बम की धमकी मिलने के बाद मुंबई डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट मुंबई में सुरक्षित लैंड हुई। जांच के बाद यह धमकी झूठी निकली। पुलिस ने बताया कि राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ईमेल में बम की सूचना दी गई थी। पुलिस ने एयरपोर्ट अधिकारियों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। दिल्ली की 30 हजारी कोर्ट ने सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदार को दोषी करार दिया दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने मादीपुर के फुटवियर दुकानदार को बी-ब्लॉक मार्केट में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के लिए दोषी करार दिया है। तीस हजारी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोमल की कोर्ट ने दुकानदार लेखराज को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने कहा- सरकारी गवाह की अविवादित गवाही और आरोपी के द्वारा कोर्ट के समक्ष रखी गई कमजोर साक्ष्य को देखते हुए अपराध सिद्ध होता है। दोषी लेखराज को संबंधित कानून के अनुसार दंडित करेंगे। दरअसल, 21 दिसंबर 2024 की रात करीब नौ बजे पश्चिम दिल्ली के मादीपुर मार्केट में गौरव फुटवियर नामक दुकान के बाहर लकड़ी का तख्ता लगाकर फुटपाथ पर जूते-चप्पल बेचे जा रहे थे। इस कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत सहित यातायात बाधित हो रही थी। पुलिस ने जब दुकानदार से फुटपाथ पर अवैध रूप से तख्ता लगाकर सामान रखने की अनुमति या लाइसेंस मांगा, तो दुकानदार लेखराज ने कोई दस्तावेज पेश नहीं किया। मामले में मुख्य गवाह पुलिस के जांच अधिकारी की गवाही कोर्ट में अहम साबित हुई। जांच अधिकारी ने कोर्ट को बताया कि आरोपी ने फुटपाथ पर अतिक्रमण किया और पुलिस के अनुरोध के बावजूद सामान हटाने या लाइसेंस दिखाने से इनकार किया।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |




