सीजी- CG Crime: लिफ्ट मांगकर बाइक पर बैठे, फिर चाकू से गोदकर कर दी हत्या; CCTV से पकड़े गए दो नाबालिग – INA

जांजगीर-चांपा जिले की चांपा रोड पर रविवार रात करीब 10:24 बजे लिफ्ट मांगकर लूट की नीयत से दो नाबालिगों ने 52 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान राधेश्याम सूर्यवंशी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो नाबालिगों ने . जाने के लिए मांगी लिफ्ट
जानकारी के अनुसार, राधेश्याम सूर्यवंशी खोखरा गांव के निवासी थे और कुलीपोटा स्थित एक कबाड़ी की दुकान में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे वह मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान कचहरी चौक के पास दो नाबालिगों ने . जाने के लिए उनसे लिफ्ट मांगी।
चलती बाइक में हथियार से हमला किया
जब वे मेगा मार्ट के पास पहुंचे तो बाइक पर पीछे बैठे दोनों नाबालिगों ने उनसे पैसों की मांग की। आरोप है कि इसी दौरान चलती बाइक पर ही चाकूनुमा हथियार से उन पर हमला कर दिया। राधेश्याम ने बाइक रोककर विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर कई बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल राधेश्याम सड़क पर गिर पड़े और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें लहूलुहान हालत में देखा और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने उठाये सवाल; बोली-आतंकी हमले में मृत मजदूरों का शव उनके घर तक नहीं लाना सरकार की बड़ी लापरवाही
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के जरिए की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर दोनों नाबालिगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नाबालिग नशे के लिए पैसे लूटने की नीयत से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक राधेश्याम सूर्यवंशी का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।