Crime- अंकित बालियान हत्याकांड: पुलिस के रडार पर करनाल के दो युवक, 150 एकड़ जमीन का वारिस है सत्यम; एक 10वीं ड्रॉपआउट -#INA

उत्तर प्रदेश के शामली में हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में करनाल के दो युवकों के नाम सामने आने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। अंसल सिटी निवासी सत्यम कादियान और कलंदरी गेट निवासी आर्यन संधू को पुलिस शूटरों के तौर पर तलाश रही है। दोनों की उम्र 20 साल से कम बताई जा रही है। नाम सामने आने के बाद दोनों युवक अपने-अपने परिवार के साथ घर छोड़कर चले गए हैं। उनके घरों पर ताले लटके हैं। यूपी पुलिस की टीमें करनाल एसटीएफ के साथ मिलकर दोनों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी दोनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ इंचार्ज दीपेंद्र राणा के अनुसार, पुलिस के रिकॉर्ड में दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से एक-एक मामला दर्ज है। दोनों पर सोनीपत में शराब के ठेके पर फायरिंग करने का केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अंकित बालियान हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।