Crime- पीलीभीत: हाईवे पर गोवंश से टकराने के बाद कार में लगी आग, चालक बाल-बाल बचा -#INA

पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर शुक्रवार देर रात छुट्टा गोवंश से टकराने के बाद एक कार में आग लग गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार चला रहा युवक समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया। सूचना पर पहुंची गजरौला थाना पुलिस ने दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्तूबर की रात करीब 12:30 बजे कार पूरनपुर से पीलीभीत की ओर आ रही थी। थाना गजरौला क्षेत्र के गांव कैंच के पास अचानक सड़क पर छुट्टा गोवंश आ गया। कार की गोवंश से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई। चालक ने कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे की सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की गाड़ी बुलवाई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। 

इसके बाद पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। कार में चालक राकेश कुमार पुत्र तोरप्रकाश निवासी मोहल्ला ईदगाह, बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़ अकेले सवार थे। वह पूरनपुर में अपने एक परिचित से मिलने के बाद कार से घर लौट रहे थे। सिओ सिटी अमरनाथ वर्मा के मुताबिक, चालक पूरी तरह सुरक्षित है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button