Crime- बरेली में ढाबे पर विवाद: खाद व्यापारी के बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हाथ में लगीं तीन गोलियां, आरोपी भी घायल -#INA

बरेली में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर फरीदपुर स्थित एक ढाबे पर सोमवार रात खाने के दौरान हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में एक व्यक्ति ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से खाद व्यापारी का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, संघर्ष के दौरान दूसरे पक्ष के व्यक्ति के सिर में चोट लगने से उसकी भी हालत गंभीर है। दोनों घायलों का उपचार बरेली के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।  


खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा अंकित गुप्ता अपने सहयोगी प्रेम शर्मा के साथ मुंशी ढाबे पर खाना खाने गया था। उसी दौरान वहां मौजूद खल्लपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह शराब के नशे में था और अंकित के साथी प्रेम शर्मा से बेवजह बहस व गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर जब अंकित बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी राजेश प्रताप सिंह ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 

हाथ में लगी तीन गोलियां 

अमरपाल गुप्ता के मुताबिक, तीन गोलियां अंकित के हाथ में लगीं। इस बीच अंकित ने आरोपी से उसकी रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद अंकित रिवॉल्वर को अपनी गाड़ी में रखकर घायल अवस्था में फरीदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने घायल से घटना की जानकारी ली। घायल अंकित ने आरोपी की लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस को सौंप दी।

Credit By Amar Ujala

Back to top button