छठ घाट पोखर पर मिला शख्स का शवः अररिया कोर्ट जाने के लिए निकले थे घर से, पत्नी ने 2 लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मिंटू राय संवाददाता अररिया
![छठ घाट पोखर पर मिला शख्स का शवः अररिया कोर्ट जाने के लिए निकले थे घर से, पत्नी ने 2 लोगों पर लगाया हत्या का आरोप छठ घाट पोखर पर मिला शख्स का शवः अररिया कोर्ट जाने के लिए निकले थे घर से, पत्नी ने 2 लोगों पर लगाया हत्या का आरोप](/wp-content/uploads/2025/02/eea60dad-1799-47ed-9fc2-e80e75171319.webp)
अररिया में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। आरएस थाना क्षेत्र के रहीकपुर छठ घाट पोखर पर गुरुवार दोपहर मोहम्मद आलम (50) का शव मिला है। मृतक पिछले एक साल से अपने ससुराल रहीकपुर वार्ड नंबर 1 में रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ रामपुकार सिंह और थानाध्यक्ष अजीत चौधरी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में गले पर मिले जख्मों के कारण हत्या की आशंका जताई गई है। मृतक की पत्नी नजराना ने जमीनी विवाद को लेकर गांव के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटनास्थल पर पुलिस जांच कर रही है पुलिस ने बताया कि मृतक बुधवार सुबह 10 बजे अररिया कोर्ट जाने के लिए निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन अगले दिन दोपहर में उनके शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।