दिल्ली CM रेखा आज हरियाणा में जन्मदिन मनाएंगी:10 एकड़ में टेंट लगा, खास पकवान तैयार; मुख्यमंत्री नायब सैनी भी आएंगे- INA NEWS

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता आज हरियाणा के जींद में स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ पहुंचेंगीं। मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार यहां आ रही हैं। आज उनका जन्मदिन भी है, ऐसे में बेटी के स्वागत के लिए गांव में जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं। गांव में उनके पुस्तैनी घर को भी पूरी तरह सजाया गया है। वहीं जनसभा के लिए गांव के स्टेडियम में छह एकड़ में रैली की तैयारी भी की गई है। मौसम के मिजाज को देखते हुए रैली स्थल पर चार एकड़ में वाटरप्रूफ टेंट भी लगाया गया है। बताया जा रहा है कि जींद के चार भाजपा विधायकों की ओर से रेखा गुप्ता को सावन की कोथली दी जाएगी। रेखा गुप्ता को झुलाने के लिए झूला भी डाला गया है। इसी कार्यक्रम में सीएम नायब सिंह सैनी विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। दोनों मुख्यमंत्रियों को खाने में देसी घी का चूरमा और खीर परोसी जाएगी। परंपरागत पकवान गुलगुले और सुहाली भी तैयार किए गए हैं। दो-दो मुख्यमंत्रियों के एक साथ आगमन को देखते हुए शुक्रवार को दिनभर प्रशासन भी व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करने में लगा रहा। अब पढ़िए दिल्ली सीएम का नंदगढ़ से रिश्ता…. जींद जिले में पुश्तैनी गांव, 50 साल पहले तक दादा-परदादा रहे
रेखा गुप्ता का पुश्तैनी गांव नंदगढ़ जींद के जुलाना हलके में है। यहां उनके दादा मनीराम और परिवार के लोग रहते थे। गांव के बलवान नंबरदार बताते हैं कि करीब 50 साल पहले तक रेखा के दादा मनीराम जिंदल और परदादा गंगाराम गांव में ही रहते थे। गांव में उन्होंने दुकान की हुई थी। इसके बाद इन्होंने जुलाना में आढ़त की दुकान कर ली और परिवार समेत वहीं शिफ्ट हो गए। नंदगढ़ ​​​​​​गांव में हुआ जन्म, बाद में परिवार दिल्ली शिफ्ट हुआ
रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को नंदगढ़ गांव में ही हुआ था। उनके पिता जयभगवान बैंक ऑफ इंडिया में काम करते थे। साल 1972-73 में वह मैनेजर बने तो उनका ट्रांसफर दिल्ली हो गया। इसके बाद उनका परिवार दिल्ली चला गया। इस वजह से रेखा की स्कूल की पढ़ाई से लेकर कॉलेज की पढ़ाई दिल्ली में हुई। उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई के बाद कुछ समय तक वकालत भी की। गांव के चांदराम ने खरीद लिया था पुश्तैनी मकान
गांव नंदगढ़ में उनका पुश्तैनी मकान तो है, लेकिन वर्तमान में इसके मालिक गांव के ही चांदराम है। उन्होंने यह मकान रेखा गुप्ता के परिवार से खरीद लिया था। मगर, गांव की बेटी होने के नाते चांद राम के परिवार ने इस मकान को उनके लिए ही सजाया है। चांदराम के सभी रिश्तेदार भी आए हैं। शुक्रवार को महिलाओं ने गुलगुले व सुहाली बनाए। रेखा को झुलाने के लिए मकान में झूला भी लगाया गया है। चांदराम के परिवार के साथ-साथ गांव के लोग बेसब्री से रेखा गुप्ता का इंतजार रह रहे हैं। कई दिग्गज नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे
नंदगढ़ गांव में होने वाले कार्यक्रम में दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और हरियाणा सीएम नायब सैनी के अलावा भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। इनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, उचाना विधायक देवेंद्र अत्री आदि शामिल हैं। वीआईपी के स्वागत में कोई बाधा न बने और सभी सड़कों पर आमजन का आवागमन भी रोजमर्रा की तरह सुचारू रूप से रहे, इसके लिए इसके लिए सभी चौराहों, सड़कों के टी-पॉइंट, सर्विस रोड पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। सीएम सैनी करेंगे विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास…
DC मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जुलाना में करीब 16 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से हो रहे विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाएगा। इसमें नंदगढ़ गांव में लगभग आठ लाख रुपए की लागत से बनाई गई ई-लाइब्रेरी, 10 लाख 87 हजार रुपए की लागत से बने इंडोर जिम और साढ़े 55 लाख रुपए की लागत से स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाया जा रहा उपस्वास्थ्य केंद्र शामिल है। इसके अलावा सिंचाई विभाग द्वारा सुंदर सब ब्रांच पर लगभग दो करोड़ 35 लाख रुपए से बनाए गए पुल, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा 90 लाख 56 हजार की लागत से राजगढ़ से झमोला गांव तक बनने वाली सड़क, गांव खरेंटी से झमोला रोड का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, निडाना गांव में पांच करोड़ 32 लाख रुपए और किनाना गांव में 5 करोड़ 73 लाख रुपए से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की आधारशिला भी रखी जाएगी। नंदगढ़ गांव में तैयारियों के PHOTOS…

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button