कानपुर-झांसी हाईवे स्थित कोटरा ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग उछलकर सड़क किनारे सिर के बल जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोटरा थाना क्षेत्र के सैदनगर निवासी रामदास (85) कस्बे में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान कोटरा ओवरब्रिज पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह उछलकर सड़क किनारे सिर के बल जा गिरे। सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जाएगी।