Entertainment: The Kerala Story 2: ‘हम केरल के खिलाफ नहीं, अपराधियों के दुश्मन हैं’, विपुल शाह का खुलासा, अनुराग कश्यप को भी दिया करारा जवाब – #iNA

The Kerala Story 2 Film Release Producer Reaction: फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर भी देश का राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमाया हुआ है. फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने अब उन तमाम आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है जिनमें उनकी फिल्म को एक राज्य या धर्म के खिलाफ बताया जा रहा था. 27 फरवरी को मुंबई में हुई प्रेस कान्फ्रेंस में उन्होंने फिल्म पर लग रहे ‘प्रोपेगेंडा’ के आरोपों से लेकर बॉलीवुड के भीतर चल रही खींचतान पर खुलकर बात की. विपुल शाह ने साफ कर दिया है कि उनकी लड़ाई किसी राज्य या धर्म से नहीं, बल्कि समाज में छिपे उन ‘अपराधियों’ से है जो मासूम जिंदगियां बर्बाद कर रहे हैं.
प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत में ही विपुल शाह ने स्पष्ट किया कि उनकी टीम का इरादा केरल की छवि खराब करना कतई नहीं है. उन्होंने कहा, “न तो मैं और न ही मेरी टीम केरल के खिलाफ है. हमने केरल या वहां के लोगों को किसी भी नकारात्मक रोशनी में नहीं दिखाया है. केरल एक खूबसूरत राज्य है, लेकिन वहां जो अपराधी सक्रिय हैं, फिल्म केवल उन्हें बेनकाब करती है. हम समाज के अपराधियों को दिखा रहे हैं, न कि किसी राज्य के आम नागरिक को.”
‘सत्य की हुई जीत’
फिल्म की रिलीज में आ रही कानूनी अड़चनों पर बात करते हुए शाह ने राहत की सांस ली. उन्होंने बताया कि केरल हाई कोर्ट ने फिल्म पर लगे स्टे को हटा दिया है. विपुल शाह के मुताबिक, अदालत में उनका पक्ष इतना मजबूत और तार्किक था कि जजों ने स्टे हटाने का फैसला किया.
सेंसर बोर्ड (CBFC) की प्रक्रिया पर उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया. शाह ने कहा, “आमतौर पर किसी फिल्म को सर्टिफिकेशन देने के लिए 4 लोग देखते हैं, लेकिन ‘द केरल स्टोरी 2’ की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे 8 लोगों की टीम ने देखा. इस टीम में केरल के दो सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल थे. बोर्ड ने जो कुछ ‘कट्स’ दिए हैं, उनसे हमारी कहानी के मूल प्रभाव पर कोई असर नहीं पड़ा है.”
विरोध का सच
विपुल शाह ने माना कि फिल्म को लेकर जितना भी विरोध या ‘बैकलेश’ हो रहा है, उसका 80% हिस्सा केवल केरल से आ रहा है. उन्होंने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा कि फिल्म पूरी तरह रिसर्च पर आधारित है. शाह ने कहा, “अगर हम अपनी रिसर्च का 100% हिस्सा पर्दे पर दिखा दें, तो आम जनता उसे देख भी नहीं पाएगी. हकीकत इतनी खौफनाक है कि उसे दिखाना संभव नहीं है.”
सच दिखाना हमारी मजबूरी
जब उनसे पूछा गया कि क्या वो किसी खास समुदाय को निशाना बना रहे हैं, तो उन्होंने दो टूक कहा, “हमने अपराधियों को अपराधी के रूप में दिखाया है, किसी धर्म के रूप में नहीं. लेकिन अगर किसी अपराध में शामिल अपराधी एक विशेष समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, तो हमें उन्हें वैसा ही दिखाना होगा जैसा वे वास्तव में हैं. हम सच से समझौता नहीं कर सकते.” उन्होंने ये भी बताया कि ये फिल्म केवल केरल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राजस्थान और मध्य प्रदेश (MP) के पीड़ितों की कहानियों को भी शामिल किया गया है.
अनुराग कश्यप पर बरसे विपुल शाह
इस दौरान सबसे तीखा मोड़ तब आया जब विपुल शाह ने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के विरोध पर पलटवार किया. शाह ने अनुराग की पिछली फिल्मों का हवाला देते हुए उन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति ‘द गर्ल इन येलो बूट्स’ जैसी फिल्म बना सकता है, जिसमें पिता और बेटी के बीच यौन संबंधों को दिखाया गया है, क्या उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए? जो खुद ऐसी फिल्में बनाते हैं, उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है.”
ये भी पढ़ें- Vijay News: साउथ सुपरस्टार विजय को लगा बड़ा झटका, शादी के 27 साल बाद पत्नी संगीता ने मांगा तलाक
बॉक्स ऑफिस और बॉलीवुड ‘माफिया’
विपुल शाह ने माना कि फिल्म के खिलाफ चल रहे माहौल के कारण पहले दिन के कलेक्शन पर थोड़ा असर पड़ सकता है. लेकिन उन्हें विश्वास है कि फिल्म लंबी रेस का घोड़ा साबित होगी. बॉलीवुड में किसी ‘माफिया’ के होने की बात को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, “इंडस्ट्री में कोई मेरे खिलाफ नहीं है. मुझे जनता और फिल्म बिरादरी, दोनों से भरपूर समर्थन मिल रहा है.”
इंटरनेशनल बैन और अवार्ड्स की उम्मीद
शाह ने अफसोस जताया कि फिल्म को यूएई (UAE) और मलेशिया जैसे कई देशों में रिलीज नहीं होने दिया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की फिल्मों को अक्सर कमर्शियल अवार्ड्स में नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि नेशनल अवार्ड्स में फिल्म की मेहनत और उसकी सच्चाई को पहचान मिलेगी.
क्या आएगी ‘द केरल स्टोरी 3’?
अंत में, फिल्म के तीसरे भाग को लेकर विपुल शाह ने कहा कि वो सिर्फ फिल्म बनाने के लिए सीक्वल नहीं बनाएंगे. अगर भविष्य में उन्हें कोई और ठोस और अच्छी कहानी मिलती है, तभी वह ‘केरल स्टोरी 3’ के बारे में सोचेंगे.
The Kerala Story 2: ‘हम केरल के खिलाफ नहीं, अपराधियों के दुश्मन हैं’, विपुल शाह का खुलासा, अनुराग कश्यप को भी दिया करारा जवाब
देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,
#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,








