यूपी – यूपी में हवाला रैकेट का खुलासा: चार साल से सक्रिय, कश्मीर से जुड़े तार, दिल्ली के चांदनी चौक से भी है कनेक्शन – INA

बरेली की बारादरी पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई में दुबई से संचालित हवाला नेटवर्क का खुलासा किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 35 लाख रुपये नकद, दो फर्जी आधार कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में चार नामजद समेत कई आरोपी भागे हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस को बंद पड़ी कंपनी केजीएन के बैंक खाते में बड़ी रकम जमा होने की सूचना मिली थी। यह रकम देशभर के विभिन्न राज्यों से खाते में जमा कराई जा रही थी। इसके बाद खाते से नकद रकम निकालकर हवाला नेटवर्क के माध्यम से दिल्ली भेजी जाती थी।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर शहर के माधोबाड़ी इलाके में दबिश देकर हजियापुर निवासी जमीर अहमद और राजस्थान निवासी जगदीश चोटिया को पकड़ लिया। पूछताछ में जमीर अहमद ने बताया कि दुबई निवासी अली जीशान ही पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।