हिमाचल-पंजाब मानसून छोड़ हर मौसम में मानक से ज्यादा प्रदूषित:देश के 749 में से 447 जिलों में PM 2.5 का सालाना एवरेज राष्ट्रीय मानक से ज्यादा- INA NEWS

सेंटर फॉर रिसर्च ऑन क्लीन एयर एंड एनर्जी (CREA) ने एयर पॉल्यूशन पर अपनी सैटेलाइट रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक देश में एयर पॉल्यूशन का संकट जितना नजर आ रहा है उसके कहीं ज्यादा हो चुका है। देश के 749 में से 447 जिलों (करीब 60%) की हवा में पीएम 2.5 का सालाना औसत राष्ट्रीय मानक से अधिक है। पीएम 2.5 का राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक (NAAQS) 40 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर है। 19 राज्यों में प्रदूषण का सालाना एवरेज भी राष्ट्रीय मानक से ज्यादा है। चिंता वाली बात यह भी है कि देश का कोई भी जिला या राज्य डब्ल्यूएचओ के 5 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर के मानक पर खरा नहीं उतर रहा है। दिल्ली, त्रिपुरा, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मेघालय और चंडीगढ़ में मानसून के अलावा हर मौसम में सभी जिले मानक से ज्यादा प्रदूषित रहे हैं। 50 सर्वाधिक प्रदूषित जिले 4 राज्यों दिल्ली, असम, हरियाणा और बिहार के हैं। प्रदूषण से हिमालय की हवा बिगड़ रही हिमालय की साफ हवा भी अब मैदानों के प्रदूषण की मार झेल रही है। कुछ दिनों से शिवालिक से लेकर ऊपरी हिमालय तक हल्की धुंध छाई है। रासायनिक जांच बताती है कि धुंध का कारण स्थानीय नहीं, बल्कि मैदानों से पहुंच रहा प्रदूषण है। नैनीताल स्थित आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ ऑब्जरवेशनल साइंसेस के साइंटिस्ट डॉ. नरेंद्र सिंह के शोध में पाया गया कि मैदानी इलाकों से आने वाली हवा में ब्लैक कार्बन करीब 30% और पीएम 2.5 जैसे कण 10% तक हैं। सर्दियों में पार्टिकुलेटेड मैटर का स्तर औसतन 90 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा, जबकि गर्मियों में यह 110 तक पहुंच गया। दोपहर बाद दिख रही हल्की नीली धुंध इसी वजह से बनती है। गंगोत्री भी जा रहा दिल्ली का प्रदूषण वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के प्यार सिंह व छवि पंत के हालिया शोध में पता चला कि गंगोत्री घाटी तक मिलने वाला ब्लैक कार्बन भी इंडो-गैंगेटिक प्लेन से आ रहा है। गंगोत्री से तपोवन तक पांच ऊंचाई बिंदुओं पर लिए नमूनों में ब्लैक कार्बन लगातार दर्ज हुआ। ये कण बर्फ की सतह गहरी कर देते हैं, जिससे ग्लेशियरों पर पड़ने वाली धूप ज्यादा अवशोषित होती है और पिघलने की गति बढ़ सकती है। मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे कड़ाके की सर्दी पहाड़ी राज्यों की हल्की बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सर्दी फिर से बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे कड़ाके की सर्दी रहेगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों के तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट आ सकती है। राजस्थान में आज से बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उदयपुर, जोधपुर, अजमेर संभाग के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे सर्दी बढ़ेगी। हिमाचल के 12 शहरों का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। लाहौल स्पीति के ताबो का न्यूनतम तापमान माइनस 6.8 डिग्री दर्ज किया गया है। राज्य में अगले कुछ दिनों में बर्फबारी की संभावना है। भारत मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोहरा छाएगा। वहीं केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट है। देशभर में सर्दी की 2 तस्वीरें… राज्यों में मौसम का हाल… राजस्थान: 7 जिलों में बारिश के आसार, माउंट आबू से ज्यादा ठंडा हुआ सीकर, तापमान 2.9 डिग्री दर्ज राजस्थान के बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के इलाकों में सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को उदयपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग के 7 जिलों में बादल छाने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे के दौरान फतेहपुर (सीकर) में सबसे कम तापमान, 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: 7 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, नौगांव में सबसे कम 7.8 डिग्री पारा; 2 दिन बाद बढ़ेगी सर्दी मध्य प्रदेश के ग्वालियर समेत 7 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। ग्वालियर और चंबल संभाग में सबसे ज्यादा सर्दी है। बुधवार को छतरपुर के नौगांव में सबसे कम 7.8 डिग्री तापमान रहा।मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 2 दिन तक तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर रहेगा। इसके बाद तेज सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा। पूरी खबर पढ़ें… उत्तराखंड: आदि कैलाश में सरोवर जमा, पारा माइनस 14 डिग्री, पाला गिरने से ठंड बढ़ी; निचले इलाकों में धुंध उत्तराखंड में लगातार पाला गिर रहा है, जिससे ठंड बढ़ गई है। पिथौरागढ़ के आदि कैलाश में बुधवार को तापमान माइनस 14 डिग्री तक गिर गया है, जिससे वहां गौरी कुंड सरोवर बर्फ में तब्दील हो गया। टूरिस्ट बर्फ पर खड़े होकर फोटो खिंचवाते दिखे। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की धुंध दिखी। मौसम विभाग ने राज्य में 2 दिसंबर तक शुष्क मौसम के बने रहने की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल प्रदेश: 3 जिलों में कोहरे की चेतावनी, 12 शहरों में 5 डिग्री से नीचे तापमान; शिमला से ठंडे मैदानी इलाके हिमाचल प्रदेश के मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में गुरुवार सुबह 10 बजे तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इससे विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे गिर सकती है। वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है। बुधवार को 26 शहरों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री और 12 शहरों में 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शिमला में रात का तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब-चंडीगढ़: रातें हुई और ठंडी, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3°C नीचे, बठिंडा सबसे ठंडा, सभी शहरों की हवा प्रदूषित पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय धुंध भी बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को सबसे ठंडा बठिंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अगले 3 दिनों में तापमान 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 10 शहरों में घना कोहरा, 52 ट्रेनें कैंसिल, 14 फ्लाइट्स में देरी; बक्सर में 9.6 डिग्री तापमान बिहार में अब कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। बुधवार को बक्सर में सबसे कम, 9.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गया जी, पटना, वैशाली सहित कई जिलों में 10 से 15 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान रहा। पटना, बेतिया समेत 10 शहरों में घना कोहरा देखने को मिला। पटना एयरपोर्ट पर बुधवार को धुंध के कारण 14 विमानों में देरी हुई। हैदराबाद से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट रद्द हो गई। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: दिन का पारा 5.5 डिग्री गिरा, 3 शहरों में 6 डिग्री से कम तापमान; आज से हल्के बादल छाएंगे हरियाणा में रात के साथ अब दिन में भी सर्दी बढ़ सकती है। गुरुवार को कई इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं। इसके कारण सर्दी और बढ़ सकती है। बुधवार को नारनौल, सिरसा और महेंद्रगढ़ में तापमान 6 डिग्री से कम दर्ज किया गया। कुल 17 शहरों में 10 डिग्री से कम तापमान रहा। अंबाला में पहली बार तापमान 10 डिग्री से कम, 9.7 दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |



