यूपी – औरैया में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार रिटायर्ड फौजी की मौत, परिजन ने किया हंगामा – INA

बेला रोड पर बुधवार रात को एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार रिटायर्ड फौजी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल फौजी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया। वहीं, घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने कार के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाकर स्थिति को संभाला।
थाना क्षेत्र गांव उमरी मोड़ निवासी 45 वर्षीय सुल्तान सिंह राजपूत पुत्र नाथूराम सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद असेनी स्थित अपने होटल (ढाबा) पर काम संभाल रहे थे और वर्तमान में विद्युत पावर हाउस में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में भी कार्यरत थे। बुधवार को वह अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर होटल जा रहे थे। जैसे ही वह बेला रोड पर पावर हाउस के पास पहुंचे, तभी सहार की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।