राहुल बोले- दम है तो PM कहें कि ट्रम्प झूठे:प्रियंका बोलीं- लोग सरकार भरोसे कश्मीर गए, सरकार ने उन्हें भगवान भरोसे छोड़ा- INA NEWS

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर दूसरे दिन बहस में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाषण दिया। राहुल ने कहा- ट्रम्प ने 29 बार कहा है कि हमने युद्ध रुकवाया। अगर दम है तो प्रधानमंत्री यहां सदन में यह बोल दें कि वह झूठ बोल रहे हैं। राहुल ने कहा- आपने यह बता दिया कि आपके पास लड़ने की इच्छाशक्ति नहीं है। सरकार ने पायलट्स के हाथ-पांव बांध दिए। अगर पीएम में इंदिरा गांधी की तरह 50 प्रतिशत भी दम है तो कहें कि ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान में सीजफायर नहीं कराया। कह दीजिए कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत का एक भी फाइटर जेट नहीं गिरा है। राहुल से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- लोग सरकार के भरोसे पहलगाम गए थे, लेकिन सरकार ने उन्हें भगवान भरोसे छोड़ दिया। पहलगाम में जब लोगों को मारा जा रहा था, तब वहां एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं दिखा। पीएम ऑपरेशन सिंदूर का श्रेय लेने आगे आ जाते हैं, जिम्मेदारी लेने क्यों नहीं आते। राहुल गांधी की 3 बड़ी बातें- 1. सीजफायर को लेकर राजनाथ सिंह के भाषण पर
राहुल गांधी ने कहा- कल राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर रात 1:05 बजे शुरू हुआ और 1:35 बजे हमने पाकिस्तान को फोन करके बताया कि हमने मिलिट्री ठिकानों पर हमला नहीं किया है। दो लोगों के बीच लड़ाई हो रही थी, एक आदमी ने दूसरे को सीधे जाकर यह बताया कि आपके पास लड़ने की पॉलिटिकल विल है ही नहीं आप लड़ना ही नहीं चाहते हो। हमने 35 मिनट में सरेंडर कर दिया। 2. जंग में भारत के 5 फाइटर जेट गिरने के दावे पर
राहुल ने कहा- कैप्टन शिवकुमार (डिफेंस अटैची इंडोनेशिया) ने कहा कि भारत ने कुछ एयरक्राफ्ट्स खोए हैं। यह इसलिए हुआ क्योंकि हमने उनके सैनिक ठिकानों को निशाना नहीं बनाया। न हमें इसके लिए कहा गया। मतलब आपने उनके हाथ बांध दिए। अगर आपने लोकसभा में चीन और पाकिस्तान के बारे में मेरी कही बात सुनी होती, तो आपको वो 5 जेट नहीं गंवाने पड़ते। 3. व्हाइट हाउस में ट्रम्प के साथ पाकिस्तान आर्मी चीफ के लंच पर
राहुल गांधी ने कहा- विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री ने कहा कि हमने पाकिस्तान को रोका। सच में? भारत में आतंकवाद फैलाने वाले असीम मुनीर को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने व्हाइट हाउस बुलाया था, जहां प्रधानमंत्री मोदी भी नहीं जा सकते। राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि मैं असीम मुनीर को इसलिए बुलाया क्योंकि मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता था। किस बात के लिए धन्यवाद? आतंकवाद फैलाने के लिए।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |






