आश्चर्यजनक: एसएन में चिकित्सकों ने किया कमाल, महिला के गर्भाशय से निकाली 1.26 किलो की गांठ

आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने एक बार फिर एक महिला के गर्भाशय की जटिल सर्जरी कर चिकित्सा क्षेत्र मे अपना परचम लहराया है। कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग ने 27 वर्षीय एक महिला के गर्भाशय से 1.26 किलोग्राम की मायोमा (गांठ) को सफलतापूर्वक निकालकर चिकित्सा जगत में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ऑपरेशन जटिल और जोखिम भरा था लेकिन डॉक्टरों की टीम ने इस ऑपरेशन को पूरी तरह सफल बनाया। ऑपरेशन के बाद महिला पूरी तरह से स्वस्थ थी चिकित्सकों द्वारा चेक अप करने के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मेडिकल
कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. प्रीति भारद्वाज ने बताया कि एक अविवाहित महिला अनियमित व अत्यधिक मासिक रक्तस्राव और पेट दर्द से पीड़ित अस्पताल आई थी चिकित्सको द्वारा जांच में सामने आया कि उसके गर्भाशय की पिछली दीवार पर 139 x 40 x 121 मिमी आकार की एक विशाल गांठ मौजूद थी जो उसकी दाहिनी ओर की मूत्रनली को दबा रही थी और इससे हाइड्रोनेफ्रोसिस (गुर्दे में सूजन) हो रही थी। पूरा मामला स्त्री रोग विभाग की प्रो. अनु पाठक की यूनिट में पहुंचा जहां मरीज और परिजनों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए सर्जरी का निर्णय लिया गया। सर्जरी टीम में डॉ. अनु पाठक के साथ डॉ. आकांक्षा, डॉ. आकृति, डॉ. आस्था, डॉ. श्वेता तथा एनेस्थीसिया टीम से डॉ. योगिता, डॉ. रजनी और डॉ. आशीष शामिल रहे। विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह का भी सहयोग रहा।
ऑपरेशन में यह सुनिश्चित किया गया कि गर्भाशय की भीतरी गुहा सुरक्षित रहे जिससे महिला के भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं न हों। चार दिन के उपचार व निगरानी के बाद महिला को अस्पताल से स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज कर दिया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने चिकित्सकों की टीम की सराहना करते हुए कहा कि एसएन कॉलेज लगातार जटिल से जटिल मामलों में बेहतर परिणाम दे रहा है, जिससे मरीजों को बड़े महानगरों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ रही।

रिपोर्ट: अजीत कुमार कुशवाह

Back to top button