गुरुग्राम में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़:13 राउंड फायरिंग, दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, सब-इंस्पेक्टर भी घायल- INA NEWS

हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात दिल्ली पुलिस और गुरुग्राम पुलिस की दो वांटेड बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग में बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। वहीं, दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर विकास भी घायल हो गए हैं। तीनों को गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और बदमाशों के बीच कुल 13 राउंड फायरिंग हुई। मौके से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक चोरी की बाइक और 13 खाली खोल बरामद किए गए हैं। दिल्ली में हुई हत्या में वांटेड थे बदमाश
आज सुबह लगभग 4:30 बजे क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए), सेक्टर 40, गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ज्वाइंट ऑपरेशन में धनकोट नहर के पास ये एनकाउंटर किया है। दोनों ही बदमाश नजफगढ़ में नीरज तेहलान की हत्या में वांटेड थे, पैर में गोली लगने से घायल होने के बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
बदमाशों की पहचान मोहित (29) निवासी गोयला खुर्द, छावला, दिल्ली, और जतिन (21) निवासी द्वारका, दिल्ली के रूप में हुई है। SI के हाथ में लगी गोली, हालत खतरे से बाहर
स्पेशल सेल दिल्ली की टीम मौके पर मौजूद थी। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें हेडकांस्टेबल नरपत की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली आकर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। गोली जैकेट में फंस गई और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। वहीं, सब-इंस्पेक्टर विकास के बाएं हाथ में एक गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। तुरंत ही SI को पुलिस टीम ने मौके से उठाकर गुरुग्राम सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नजफगढ़ डबल मर्डर और गवाह की हत्या का कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी 2024 को नजफगढ़ के एक सैलून में बाल कटवा रहे सोनू और आशीष की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इस केस में नीरज तेहलान मुख्य गवाह था, जो टिल्लू गैंग से जुड़ा हुआ था। उस पर भी एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। लेकिन 3 जुलाई 2025 को नजफगढ़ में ही कार से जा रहे नीरज को बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। नीरज की हत्या के पीछे जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर चिंटू उर्फ हर्ष धनकड़ और विदेश में बैठे गैंगस्टर संजू दहिया का हाथ होने की आशंका है। गवाह की हत्या ने इस डबल मर्डर केस को सुलझाना पुलिस के लिए और भी बड़ी चुनौती बना दिया था। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं….

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button