करनाल में केजरीवाल-आतिशी का पुतला फूंका:सड़कों पर उतरे भाजपा विधायक, बोले- सार्वनजिक रुप से माफी मांगे दिल्ली के पूर्व सीएम- INA NEWS
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के विवादित बयान से हरियाणा में सियासी भूचाल आ गया है। करनाल में भाजपा विधायक जगमोहन आनंद समेत अन्य नेताओं ने केजरीवाल के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी का पुतला जलाकर रोष व्यक्त किया गया। भाजपा विधायक आनंद ने केजरीवाल के बयान की निंदा की और कहा कि केजरीवाल अपने बयान पर पूरे देश के सामने माफी मांगे। बता दें कि, हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यमुना में जहर हरियाणा सरकार ने मिलाया है और भाजपा चाहती है कि लोग मरे। इस बयान के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। विधायक जगमोहन आनंद का बयान करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने आप पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह बयान हमारे ओबीसी समाज से जुड़े एक ईमानदार मुख्यमंत्री नायब सैनी के खिलाफ साजिश है। हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाना सरासर झूठ और घटिया राजनीति का नमूना है। यह बयान केवल दिल्ली की जनता को गुमराह करने के लिए दिया गया है। भाजपा का सख्त रुख विधायक आनंद ने साफ कहा कि अरविंद केजरीवाल को अपने बयान पर सार्वजनिक माफी मांगनी होगी। उन्होंने कहा कि यह आरोप केवल हरियाणा सरकार पर ही नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है। केजरीवाल को समझना चाहिए कि हरियाणा का मुख्यमंत्री नायब सैनी 2.80 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। इतने बड़े जनादेश के साथ चुने गए व्यक्ति पर इस तरह के आरोप बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य हैं। यमुना मैया केजरीवाल को डुबो देगी भाजपा नेताओं का कहना है कि अरविंद केजरीवाल यमुना नदी के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस बार उनकी यह चाल नहीं चलेगी। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि यमुना मैया का सहारा लेकर सत्ता में आने वाले केजरीवाल को अब यमुना मैया ही डुबो देगी। हरियाणा के सीएम नायब सैनी की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ रही है। दिल्ली की जनता भी उन्हें सुनना और समझना चाहती है। केजरीवाल को दी चेतावनी भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी है कि अगर अरविंद केजरीवाल ने अपना बयान वापस नहीं लिया और माफी नहीं मांगी, तो पार्टी उनके खिलाफ बड़ा कदम उठाएगी। विधायक आनंद ने कहा कि हमारे संगठन की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। जल्द ही केजरीवाल और आतिशी को उनके बयानों की सजा भुगतनी पड़ेगी।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |