यूपी – UP: लखनऊ में चांदी का आवरण हटाने की मांग पर कांवड़ियों ने मोहान रोड किया जाम, एंबुलेंस भी फंसी – INA

बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए परियर (बिठूर) गंगाघाट से निकली नंगे पांव कांवड़ यात्रा बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट स्थित मोहान रोड पहुंची। यहां बैदेही सेना के नेतृत्व में करीब 3,500 कांवड़ियों ने शिवलिंग पर लगे चांदी के आवरण को हटाकर सीधे जलाभिषेक की अनुमति देने की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मोहान रोड पर भीषण जाम लग गया। कई एंबुलेंस और जरूरी वाहनों के फंसने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कांवड़ियों का कहना है कि वे परियर गंगाघाट से गंगाजल लेकर नंगे पांव पैदल बुद्धेश्वर महादेव मंदिर जा रहे हैं। उनकी मांग है कि जलाभिषेक के समय शिवलिंग पर लगा चांदी का आवरण हटा दिया जाए, जिससे श्रद्धालु प्रत्यक्ष दर्शन करते हुए सीधे शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ा सकें। उन्होंने प्रशासन और मंदिर प्रबंधन से समय रहते इस संबंध में निर्णय लेने की मांग की।

बैदेही सेना के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू, महंत अनमोल द्विवेदी और महामंत्री अभिषेक मिश्रा ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके से बुद्धेश्वर महादेव का जलाभिषेक करना है। सूचना पर एसीपी काकोरी शकील अहमद के साथ पारा और काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम होने से मोहान रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एंबुलेंस समेत अन्य जरूरी वाहनों के फंसने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। पुलिस यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के साथ ही कांवड़ियों से बातचीत कर समाधान निकालने में जुटी रही।


Credit By Amar Ujala

Back to top button