एस.एन. मेडिकल कॉलेज की विशाल “तिरंगा यात्रा” में उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हुआ भव्य आयोजन

आगरा। स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाते हुए सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज द्वारा एक विशाल “तिरंगा यात्रा” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। एस.एन. मेडिकल कॉलेज के एम.बी.बी.एस. और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। विशाल तिरंगा यात्रा प्रातः 7:00 बजे सूरसदन संजय प्लेस से प्रारंभ हुई। तिरंगा यात्रा मे सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे देशभक्ति के नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस यात्रा ने शहरवासियों विशेषकर युवाओं को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और स्वतंत्रता के महत्व का एक जीवंत संदेश दिया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने छात्रों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, हमारे लिए यह अत्यंत गर्व की बात है कि हमारे भावी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ राष्ट्रीय पर्वों में भी इतनी सक्रियता से बढ़ चढ़ कर उत्साह से भाग ले रहे हैं। इस भव्य यात्रा के माध्यम से हमारे छात्रों ने समाज में राष्ट्रप्रेम का एक सकारात्मक संदेश दिया है। वही एसएनएमसी की मीडिया प्रभारी डॉ प्रीति भारद्वाज ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के छात्र छात्राओं, नर्सिंग स्टॉफ व कर्मचारियों द्वारा निकली गई तिरंगा यात्रा का आयोजन पूरी तरह सफल रहा और इस तिरंगा यात्रा से शहर के लोगों में देशभक्ति की एक नई लहर का संचार किया।
रिपोर्ट: अजीत कुमार कुशवाह




