यूपी – हाथरस: सादाबाद में पूर्व फौजी और पहली पत्नी की गला काटकर हत्या, घर में मिले खून से सने शव, पुलिस जांच में जुटी – INA

हाथरस में सादाबाद थाना क्षेत्र के बाइपास आगरा रोड स्थित ताज बॉडी के पास रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पूर्व फौजी और उनकी पहली पत्नी का शव घर में लहूलुहान हालत में मिला। अज्ञात हमलावरों ने दोनों की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल को सील कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मृतक समसुद्दीन (58 वर्ष) सेना से सेवानिवृत्त थे और बाइपास पर ही फैब्रिकेशन का काम करते थे। दुकान के ऊपर ही उनका घर है, जहां वे अपनी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो (55 वर्ष) के साथ रहते थे। समीना से उनकी कोई संतान नहीं थी। शनिवार को समसुद्दीन अपनी पहली पत्नी के साथ ही घर पर थे। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे तक जब समसुद्दीन नीचे नहीं आए, तो उनका एक परिचित युवक उन्हें देखने ऊपर कमरे में गया। सीढ़ियों का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। जैसे ही युवक कमरे में दाखिल हुआ, उसने देखा कि समसुद्दीन और समीना के शव खून से लथपथ पड़े थे। यह देखते ही युवक ने तुरंत नीचे आकर पड़ोसियों को सूचना दी और पुलिस को सूचित किया।
दूसरी पत्नी पास में ही रहती है
करीब 14 साल पहले समसुद्दीन ने आगरा के आजमपाड़ा निवासी सीमा से दूसरा विवाह किया था। सीमा से उनके तीन बच्चे (दो लड़कियां और एक लड़का) हैं, जिनमें सबसे बड़ी लड़की की उम्र 12 वर्ष है। दूसरी पत्नी सीमा अपने बच्चों के साथ घटनास्थल के पास में ही अलग मकान में रहती हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी चिरंजीवनाथ और एएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों की गर्दन व पेट पर वार किए गए। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।