खबर शहर , टेंडर से पहले ही उखाड़ दीं इंटरलॉकिंग: ककरैठा में सड़क बनने से पहले खेल, ठेकेदार पर टाइल्स बेचने का आरोप – INA

आगरा के ककरैठा में नगर निगम ने राशन की दुकान के पास की गली में आरसीसी सड़क स्वीकृत की है। इसका टेंडर निकला नहीं, उससे पहले ही ठेकेदार ने इंटरलॉकिंग टाइल्स उखाड़ दीं। क्षेत्रीय लोगों ने टाइल्स बेचने का आरोप लगाते हुए नगर निगम से कार्रवाई की मांग की है।
गैलाना के पूर्व पार्षद मुकेश यादव ने बताया कि ककरैठा में राशन की दुकान से सटी गली है। 100 मीटर लंबी गली को सीसी से बनाने के लिए नगर निगम ने स्वीकृति दी है। टेंडर निकलने से पहले ही एक ठेकेदार ने टाइल्स उखाड़कर बेच दीं। आधी गली की टाइल्स उखाड़ी जा चुकी हैं। दूसरी बार ट्रैक्टर आने पर क्षेत्रीय लोगों ने भारी विरोध करते हुए उसे वापस भेज दिया।
क्षेत्रीय निवासी हरेंद्र यादव ने नगर आयुक्त से टाइल्स बेचने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में अवर अभियंता से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
तुलसी चबूतरा में सड़क निर्माण की मांग
ताजगंज क्षेत्र में तुलसी चबूतरा स्थित राठौर मंदिर से मटका वाली गली तक की सड़क अत्यंत जर्जर स्थिति में है। ताजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर ने नगर आयुक्त से सड़क का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ताजमहल के पास विदेशी सैलानी चारों कटरों का भ्रमण करने आते हैं। वह आगरा की पुरानी संस्कृति और खानपान देखने पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर और गड्ढों भरी सड़क से आगरा और उत्तर प्रदेश की छवि खराब हो रही है।