भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे चीफ इंजीनियर को एक्सटेंशन मिला तो आवास सचिव का पुतला फूंकेगी जन अधिकार पार्टी !

जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने बड़ा और सख्त ऐलान करते हुए कहा है कि यदि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के चीफ इंजीनियर हरिश्चंद्र सिंह राणा को सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) दिया गया, तो पार्टी आवास सचिव का पुतला दहन करेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हरिश्चंद्र सिंह राणा पर पहले से ही भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और नियमों की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप हैं। उन्होंने याद दिलाया कि इन्हीं भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पूर्व में MDDA कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया था, जहां राणा को तत्काल पद से हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग उठी थी।
पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन के बावजूद न तो राणा के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया गया। उल्टा, उन्हें संरक्षण देने की कोशिशें तेज कर दी गईं।
जन अधिकार पार्टी ने आवास सचिव पर भी सीधा और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राणा से जुड़े मामलों की जांच में जानबूझकर लापरवाही और ढिलाई बरती गई। पार्टी का कहना है कि शिकायतें, दस्तावेज़ और सबूत शासन तक पहुंचने के बावजूद जांच को प्रभावित किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अधिकारी को एक्सटेंशन दिया गया, तो पार्टी सड़क से लेकर सचिवालय तक आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि जन अधिकार पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी और दोषियों को बचाने वालों को भी कटघरे में खड़ा किया जाएगा।








