यूपी – प्रयागराज : स्टेनली रोड-मलाक हरहर सिक्सलेन पुल की लोड टेस्टिंग शुरू, 15 नवंबर से दौड़ेगे वाहन – INA

गंगा नदी पर स्टेनली रोड से मलाक हरहर तक निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल पर लोड टेस्टिंग का काम शुरू हो गया है। इस दौरान पुल बेली नाले के ऊपर व मलाका के पास पुल के भाग की लोड टेस्टिंग हुई। इस दौरान भारी वाहनों को पुल के कम्पलीट हिस्से पर खड़ा करके देखा गया कि कितने मिली मीटर पुल दब रहा है। फिलहाल तीन दिन से चल रही टेस्टिंग के नतीजे सकारात्मक देखने को मिले हैं। ऐसे में 15 नवंबर से पुल की एक लेन शुरू होने की पूरी संभावना है।
पुल पर एक साथ 25 से 30 भारी वाहनों को खड़ा करके यह परीक्षण किया जा रहा है। यह लोड टेस्टिंग 10 से 15 दिनों तक जारी रहेगी। लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल की एक लेन पर आवागमन शुरू होगा। इस पुल का निर्माण 1947 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जा रहा है। इसके बनने से लखनऊ, अयोध्या और प्रतापगढ़ आने-जाने की राह काफी आसान हो जाएगी।
9.800 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन पुल में कई जगह क्रॉस बैरियर लगाने का काम चल रहा है। ऐसे में क्रॉस बैरियर लगाने के साथ पुल की टेस्टिंग का काम 10 नवंबर तक पूरी होने की संभावना है। ऐसे में 15 नवंबर से लखनऊ की तरफ जाने वाली लेन को शुरू कर दिया जाएगा। इसके करीब एक महीने बाद यानि 15 दिसंबर से पुल की दूसरी लेन पर आवागमन शुरू हो जाएगा।
पुल का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। मार्ग प्रकाश की टेस्टिंग आठ सितंबर को ही पूरी कर ली गई थी। वर्तमान में चल रही लोड टेस्टिंग भी 10 नवंबर तक पूरी होने की उम्मीद है। यह सभी परीक्षण पुल को यातायात के लिए सुरक्षित बनाने के लिए किए जा रहे हैं। – नुसरतुल्लाह, प्रोजेक्ट मैनेजर, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय।