Nation- महाराष्ट्र निकाय चुनावः BMC समेत कहां-कहां BJP को मिली जीत, कहां जीती कांग्रेस; AIMIM का क्या रहा- #NA

महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं. राज्य में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) समेत कई नगर निगमों पर कब्जा जमा लिया. बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मिलकर मुंबई पर कब्जा जमाया. जबकि छत्रपति संभाजी नगर में बीजेपी की वापसी हुई है. निकाय चुनाव में ठाकरे और पवार परिवार के साथ-साथ शिंदे की शिवसेना को भी करारा झटका लगा है. पवार के मजबूत गढ़ कहे जाने वाले पुणे और पिंपरी चिंचवड में भी बीजेपी विजयी रही है.
निकाय चुनावों में सभी की नजर बीएमसी चुनाव परिणाम पर टिकी थी. हालांकि चुनाव में मुकाबला उतार-चढ़ाव वाला रहा लेकिन बीजेपी यहां बड़ी जीत हासिल करने में कामयाब रही और वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. ठाकरे परिवार का यहां पर चला आ रह वर्चस्व भी खत्म हो गया. अविभाजित शिवसेना के करीब 3 दशक पुराने दबदबे को खत्म करते हुए बीजेपी अपनी सहयोगी शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के साथ बहुमत हासिल कर लिया. ऐसे में पहली बार बीजेपी मुंबई में अपना मेयर बनाने जा रही है.
BMC में AIMIM के खाते में आई 8 सीट
227 वार्डों वाले बीएमसी में बीजेपी ने 88 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि उसकी उसकी सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे) ने 28 सीट अपने नाम कीं, इसके अलावा शिवसेना (उद्धव ठाकरे) को 65 और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) को महज 6 सीटें मिलीं. ठाकरे बंधु को करारी हार का सामना करना पड़ा. वंचित बहुजन आघाडी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 24 सीटों पर संतोष करना पड़ा.
हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को बीएमसी चुनाव में 8 तो अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को 3, समाजवादी पार्टी को 2 और एनसीपी (शरद पवार) को महज एक सीट पर ही जीत मिली. बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन ने बीएमसी चुनाव में 116 सीट जीती हैं और उसने 114 सीट के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया. बीएमसी देश के सबसे धनी नगर निगम है, जिसका 2025-26 के लिए बजट 74,427 करोड़ रुपये का है.
पूरे प्रदेश चुनाव में नंबर वन बनी बीजेपी
साथ ही बीजेपी की अगुवाई वाला महायुति गठबंधन ने राज्य के 29 नगर निगमों में से मुंबई सहित 25 निगमों पर कब्जा जमा लिया. नगर निकाय चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान कराए गए थे. राज्य के 29 नगर निकायों की 2868 सीट में से बीजेपी ने 1400 से अधिक सीटों पर जीत हासिल की और उसकी सहयोगी शिवसेना के खाते में 397 सीटें गईं. जबकि शिवसेना (उद्धव) को 153 और एमएनएस को 13 सीटें मिलीं. जबकि कांग्रेस ने 324 सीटों पर जीत हासिल की.
सीएम देवेंद्र फडणवीस के क्षेत्र नागपुर महानगर पालिका में भी बीजेपी को जीत मिली है. 151 सीटों वाले नगर निगम में बीजेपी को 102 सीट आई हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 35 सीटें गई तो शिंदे की शिवसेना को महज 2 सीटें ही आईं.
लातूर में कांग्रेस ने बिखेरा जलवा
वंचित बहुजन आघाडी (VBA) के साथ गठबंधन कर मैदान में उतरने वाली कांग्रेस ने लातूर नगर निकाय के चुनाव में जीत हासिल की. 70 सदस्यीय निकाय में कांग्रेस ने 43 सीटों जीत कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि बीजेपी 22 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही.
शरद पवार के गढ़ कहे जाने वाले पुणे नगर निगम में चुनाव से पहले चाचा-भतीजे (शरद और अजित) ने गठबंधन कर लिया, लेकिन इसका फायदा नहीं मिला. यहां बीजेपी ने 96 सीट जीतीं, जबकि एनसीपी को 20 सीट और शरद पवार की एनसीपी को महज 3 सीटों पर संतोष करना पड़ा.
AIMIM ने लगाया जीत का ‘शतक’
इसी तरह पिंपरी चिंचवाड में बीजेपी ने 84 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि एनसीपी दूसरे स्थान पर रही और उसे 37 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा. शरद की एनसीपी खाता भी नहीं खोल सकी.
ओवैसी की एआईएमआईएम का निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन रहा है और राज्य के कई मुस्लिम बहुल वार्डों में बढ़िया बढ़त बनाई. राज्य भर के नगर निकायों में पार्टी के खाते में कुल 114 सीटें आईं. इसी तरह निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया. प्रदेश के 29 नगर निकायों से 19 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की.
छत्रपति संभाजीनगर में AIMIM का जलवा
एआईएमआईएम ने छत्रपति संभाजीनगर में सबसे अधिक 33 सीटें, मालेगांव में 21 सीटें, अमरावती में 15 सीटें, नांदेड़ में 13 सीटें, धुले में 10 सीटें, सोलापुर में 8 सीटें, बीएमसी में 6 सीटें, ठाणे में 5 सीटें, जलगांव में 2 सीटें और चंद्रपुर में 1 सीट पर जीत हासिल की.
मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर के अलावा नवी मुंबई, वसई-विरार, कोल्हापुर, नागपुर, कल्याण-डोंबिवली, सोलापुर, अकोला, अमरावती, नासिक, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना, पिंपरी-चिंचवड, पुणे और इचलकरंजी नगर निकायों में चुनाव कराए गए.
वसई-विरार नगर में BVA की जीत
छत्रपति संभाजीनगर में बीजेपी को 57 तो शिवसेना को 13 सीटों पर जीत मिली है. 111 वार्ड वाले नवी मुंबई में भी बीजेपी-शिवसेना को बड़ी जीत मिली है. बीजेपी को 66 तो शिवसेना को 41 सीटों पर जीत हासिल हुई.
वसई-विरार नगर निगम में बीजेपी को झटका लगा है. बहुजन विकास अघाड़ी (BVA) ने 71 सीटों के साथ यहां की सत्ता पर कब्जा जमा लिया जबकि बीजेपी को 43 सीटें मिली. कांग्रेस के खाते में एक सीट ही आई.
इसे भी पढ़ें — लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सिंगर बी प्राक को धमकी, एक हफ्ते में मांगे 10 करोड़
कोल्हापुर में कांग्रेस को 34 सीटों पर जीत हासिल हुई तो बीजेपी के खाते में 26 सीटें आई हैं और शिवसेना को 15 सीटों पर जीत हासिल हुई है. हालांकि बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी (4) ने मिलकर 45 सीटें जीतकर यहां का बहुमत हासिल कर लिया है. कल्याण-डोंबिवली में शिवसेना को 53, बीजेपी को 50 सीटों पर जीत हासिल हुई है. सोलापुर में भी बीजेपी को 80 से अधिक सीट जीतकर बहुमत मिल गया है. अकोला में भी 80 में से 38 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली है. कांग्रेस को 21 सीटें मिली.
चंद्रपुर और भिवंडी में कांग्रेस का दबदबा
अमरावती नगर निगम में भी महायुति की सरकार बन रही है. बीजेपी को 25, शिवसेना को 28 और एनसीपी को 3 सीटों पर जीत मिली थी. 122 सीटों वाले नासिक में बीजेपी को 72 सीटें हासिल हुई है. उल्हासनगर, ठाणे, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी नगर निगमों में बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति गठबंधन को जीत मिली.
चंद्रपुर में कांग्रेस 66 में से 30 सीटों पर जीत मिली है. बीजेपी को 23 सीटें मिली. भिवंडी-निजामपुर में भी कांग्रेस को जीत मिली है और बीजेपी दूसरे स्थान पर रही. मालेगांव में इंडियन सेकुलर लारजेस्ट असेंबली ऑफ महाराष्ट्र (ISLAM) को जीत मिली है. वह 84 में से 43 सीटों पर विजयी हुई. बीजेपी को 2 सीटों पर जीत मिली. शिवसेना को 18 सीटें मिली.
महाराष्ट्र निकाय चुनावः BMC समेत कहां-कहां BJP को मिली जीत, कहां जीती कांग्रेस; AIMIM का क्या रहा
[ad_2]
देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,
[ad_1]
#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,






.webp)


