फरीदाबाद में ढाई साल बाद मिला नया कोरोना केस:28 वर्षीय युवक संक्रमित; जीनोम सीक्वेंसिंग से होगी वेरिएंट की पहचान, दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड- INA NEWS

फरीदाबाद जिले में लगभग ढाई वर्षों के अंतराल के बाद कोरोना वायरस का एक नया मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सेहतपुर क्षेत्र का 28 वर्षीय एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक को बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। उसे इलाज के लिए दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। मंगलवार की देर शाम उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी आज रिपोर्ट आएगी। जानकारी अनुसार, फरीदाबाद के सेहतपुर गांव का एक युवक हाल ही में एक निजी कंपनी के जरिए दिल्ली स्थित एक मॉल में सिक्योरिटी गार्ड लगा था। उसे कुछ दिनों से बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम जैसी परेशानी थी। इसके चलते उसे डॉक्टरी जांच के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। वहां कोरोना की जांच के लिए उसके सैंपल लिए गए। फरीदबाद के उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि सेहतपुर गांव के युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जैसे ही रिपोर्ट आई, सफदरजंग अस्पताल प्रबंधन ने इसे IHIB पोर्टल पर अपलोड कर दिया। साथ ही फरीदाबाद हेल्थ विभाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि जिले में करीब ढ़ाई साल बाद कोरोना का नया केस सामने आया है। इसके साथ ही विभाग अलर्ट मोड में है। परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए डॉ. रामभगत ने बताया कि युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसके परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं। हालात पर नजर रखने के लिए हेल्थ विभाग की एक टीम गठित कर दी गई है। साथ ही संक्रमित के परिजनों से संपर्क कर उन्हें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए। युवक को आइसोलेशन में रखा हेल्थ विभाग ने संक्रमित युवक को आइसोलेशन में रखा है। उसकी सेहत पर नजर रखने के लिए एक स्वास्थ्य टीम नियुक्त की गई है, जो दिन में दो बार फोन पर संपर्क कर युवक की स्थिति का जायजा ले रही है। जीनोम सीक्वेंसिंग से तय होगा वेरिएंट फरीदाबाद हेल्थ विभाग ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से संक्रमित युवक का सैंपल मांगा है। विभाग सैंपल मिलने के बाद उसके जीनोम सीक्वेंसिंग कराएगा। इससे पता लगाया जाएगा कि यह संक्रमण कोरोना के किस वेरिएंट से हुआ है। फिलहाल देश और विदेश में जेएन-1 वेरिएंट को लेकर अलर्ट जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि रिपोर्ट आने के बाद ही वेरिएंट की पुष्टि हो सकेगी। लोगों से अपील- घबराएं नहीं उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने जनता से अपील की है कि कोरोना को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सतर्कता ही बचाव है। उन्होंने कहा कि लोग बार-बार हाथ धोएं, मास्क पहनें और सार्वजनिक स्थानों पर दूरी बनाए रखें। बुखार, सर्दी या खांसी जैसे लक्षण होने पर तुरंत जांच कराएं और रिपोर्ट आने तक स्वयं को आइसोलेट रखें। साथ ही विटामिन सी युक्त भोजन लेने की भी सलाह दी गई है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button