खबर शहर , Agra News: डौकी से साइबर ठगी के आरोपी को गिरफ्तार कर ले गई सीबीआई टीम – INA

फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गांव पूठा विसारना में शनिवार देर रात देहरादून से पहुंची सीबीआई टीम ने साइबर ठगी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। कार्रवाई के दौरान गांव में देर रात तक हलचल बनी रही। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क से जुड़ा था और लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था।
देहरादून की सीबीआई टीम शनिवार की रात थाना डौकी क्षेत्र के गांव पूठा विसारना पहुंची। टीम ने प्रभुदयाल उर्फ पऊआ पुत्र रामलखन को उसके घर से गिरफ्तार कर देहरादून ले गई। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रभुदयाल पहले जन सेवा केंद्र (सीएससी) का संचालन करता था। बाद में उसने घर से ही साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित करना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लोन के लिए आवेदन करने वाले लोगों का डाटा हासिल कर उनसे फोन पर संपर्क किया जाता था। इसके बाद लोन स्वीकृत कराने, प्रोसेसिंग शुल्क, दस्तावेज सत्यापन अथवा अन्य शुल्क के नाम पर रकम जमा कराकर लोगों से ठगी की जाती थी। चर्चा है कि युवक इस तरीके से लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। सीबीआई टीम युवक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।